कोलकाता पहुंचा मानसून, कल तक धनबाद पहुंचने के आसार
धनबाद : बंगाल की खाड़ी में पूरी तरह सक्रिय हो चुका मानसून पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता तक पहुंच चु
धनबाद : बंगाल की खाड़ी में पूरी तरह सक्रिय हो चुका मानसून पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता तक पहुंच चुका है। बुधवार तक इसके धनबाद पहुंचने के आसार हैं। हालांकि मानसून के पहुंचने से पहले ही यहां के मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार को दोपहर तक जहां धूप खिली रही, वहीं दोपहर बाद एकाएक आबोहवा बदल गई और जोरदार बादल गरजने के साथ बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने 13 तक तेज हवा के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
इस बारे में भागा पॉलीटेक्निक के प्राचार्य सह मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव ने बताया कि मानसून के आसपास के क्षेत्र में स्थानीय लो प्रेशर बनने से धनबाद और आसपास का मौसम बदला है।
डॉ. यादव के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने की दिशा पश्चिम से पूरब की ओर है। इसके बाद फिर पश्चिम की ओर बढ़ता है, पर वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से उत्तर की ओर उसकी दिशा है जिस वजह से इस दिशा में आने में विलंब हो रहा है। बुधवार तक अगर मानसून आ गया तो आगमन समय पर माना जाएगा।