लुटेरों ने मोटर पंप का काटा केबल, खुदिया कोलियरी आवासीय परिसर की जलापूर्ति ठप Dhanbad News
केबल कट जाने के कारण लगभग 5000 की आबादी को जलापूर्ति के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी वासियों का मानना है कि केबल चोर सिर्फ परेशान करने के लिए लगातार केबल की चोरी कर रहे हैं।
निरसा, जेएनएन। ईसीएल मुगमा क्षेत्र अंतर्गत खुदिया कोलियरी की तीन नंबर आवासीय कॉलोनी परिसर स्थित जलापूर्ति मोटर पंप से केबल लुटेरों ने लगभग 10 फीट केबल शुक्रवार की रात काट लिया। जिसके कारण खुदिया तीन नंबर आवासीय परिसर एवं कालीमाटी कॉलोनी में शनिवार की सुबह जलापूर्ति प्रभावित हुई।इस संबंध में जानकारी देते हुए कॉलोनी वासियों ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि केबल चोर जलापूर्ति के लिए लगाए गए मोटर पंप एवं स्वीच के बीच से लगभग 10 फीट केबल काट कर चलते बने।
दुर्गा पूजा के समय से लगातार केबल चोर आकर केबल काट कर चले जाते हैं। केवल कट जाने के कारण लगभग 5000 की आबादी को जलापूर्ति के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी वासियों का मानना है कि केवल चोर सिर्फ परेशान करने के लिए लगातार केबल की चोरी कर रहे हैं। 10 फीट केबल की कीमत प्रबंधन के अनुसार मात्र 2 हजार रुपए हैं। वही इस संबंध में खुदिया कोलियरी प्रबंधन का कहना है कि केबल चोरी हुई है। दूसरा केबल देखकर जलापूर्ति चालू करवा दी गई है। ईसीएल मुगमा क्षेत्र की को कोलियरी में लगातार केबल लूट की घटनाएं हो रही है। पिछले कुछ महीनों में केबल लूट की आधा दर्जन घटनाएं घट चुकी है।