झरिया में दो दिनों से ठप है जलापूर्ति, लोगों में मचा हाहाकार
झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र में लगे मोटर पंप के फुटबाल में तकनीकी खराबी आ जाने की वजह से दो दिनों से जलापूर्ति ठप है।
जासं, झरिया-जामाडोबा : झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र में लगे मोटर पंप के फुटबाल में तकनीकी खराबी आ जाने से दूसरे दिन भी झरिया शहर और इसके आसपास क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रही। पानी नहीं मिलने से लाखों लोगों में हाहाकार मचा हुआ है।
जामाडोबा जल संयंत्र में दामोदर नदी के किनारे जलापूर्ति के लिए शक्तिशाली पांच नंबर का मोटर पंप लगा है। बुधवार को मोटर पंप में लगे फुटबाल के फट जाने से झरिया और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप हो गई। संयंत्र के कर्मियों ने बताया कि छह नंबर इंटेक वाल्व में लगे मोटर पंप से 12 एमजीडी फिल्टर प्लांट में कम मात्रा में जल भंडारण किया जा रहा है। इसकी वजह से झरिया के कुछ भागों में कम जलापूर्ति की जा रही है। कर्मियों ने कहा कि फुटबाल को खोलकर मरम्मत के लिए झरिया भेजा गया है। मोटर पंप की मरम्मत में कर्मी लगे हैं। गुरुवार तक इसके बन जाने की संभावना है। झमाडा के एसडीओ पंकज झा ने कहा कि पांच नंबर मोटर पंप के फुटबाल की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत झरिया में जलापूर्ति का प्रयास हो रहा है। जामाडोबा जल संयंत्र में आए दिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण जलापूर्ति ठप रहने से लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि झमाडा के अधिकारियों की लापरवाही के कारण आए दिन जलापूर्ति की समस्या होती है। झमाडा के एमडी व तकनीकी सदस्य गंभीर नहीं है। संयंत्र की जलापूर्ति पर निर्भर झरिया व आसपास के लगभग छह लाख लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ता है।