पानी के लिए सिमलडीहवासियों ने दी आत्मदाह की धमकी
धनबाद : लॉ कॉलेज के पास स्थित सिमलडीह के लोग पेयजल की समस्या से इतने परेशान हो गए हैं कि आत्मदाह तक
धनबाद : लॉ कॉलेज के पास स्थित सिमलडीह के लोग पेयजल की समस्या से इतने परेशान हो गए हैं कि आत्मदाह तक की चेतावनी दे दी है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र देकर पानी की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 11 जून को नगर निगम धनबाद कार्यालय के समझ आत्मदाह करने की चेतावनी है।
गांधी सेवा सदन में प्रेस वार्ता का आयोजन कर सिमलडीह निवासी राजेश कुमार वर्णवाल, दिनेश कुमार साव एवं अन्य ने कहा कि 30 अक्टूबर 2017 को भी पानी की मांग को लेकर आत्मदाह करने की चेतावनी दी गई थी। चेतावनी के बाद एक दिन के अंतराल पर सिमलडीह में पेयजल आपूर्ति करने और अलग से पाइप लाइन बिछाने का आश्वासन मिला था। सात माह का समय बीत जाने के बाद भी अब तक इस दिशा में तनिक भी कार्रवाई नहीं हुई। पानी नहीं मिलने के बावजूद भी लोग नगर निगम को होल्डिंग टैक्स और जलकर का भुगतान लगातार कर रहे हैं। एक बार फिर से यहां के लोग आत्मदाह करने को मजबूर हैं। स्वच्छ पेयजल नहीं मिलने के कारण लोगों को तरह-तरह की बीमारियों से जूझना पड़ता है। अपनी मांगों को लेकर लोगों ने सांसद, विधायक, उपायुक्त, एसएसपी आदि को पत्र दिया है।