रेल पटरी पर मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पति को पीटा
हरिहरपुर थाना अंतर्गत खरियो महुलटांड़ निवासी अमित मंडल की 22 वर्षीय पत्नी चांदनी देवी का शव खरियो फाटक के पास रेल पटरी क्षत विक्षत हालत में मिला।
गोमो बाजार : हरिहरपुर थाना अंतर्गत खरियो महुलटांड़ निवासी अमित मंडल की 22 वर्षीय पत्नी चांदनी देवी का शव खरियो फाटक के पास रेल पटरी क्षत विक्षत हालत में मिला। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हरिहरपुर थाना लाई। इस बीच घुनघुसा गांव से चांदनी के पिता भोला मंडल व मां तिलकी देवी स्वजनों के साथ थाना पहुंची। शव को देख वे दहाड़ मारकर रोने लगे। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
इधर, शव का पोस्टमार्टम कराने के धनबाद के लिए जाने की तैयारी में थी, तभी मायकेवालों ने पुलिस की वाहन को रोक दिया। वाहन पर सवार चांदनी के पति अमित मंडल की पिटाई शुरू कर दी। यह देख पुलिस हरकत में आई और उसे बचाया। चांदनी के पिता भोला मंडल ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के चलते हत्या व साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेल पटरी पर फेंकने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कहा है सुबह सात बजे फोन पर घटना की जानकारी मिली। मेरी पुत्री चांदनी की हत्या उसका पति अमित कुमार मंडल व ससुर रामकुमार मंडल सास सावित्री ने मिलकर किया है। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बीएनआर लाइन पर फेंक दिया। अपनी पुत्री चांदनी की शादी खरियो महुलटांड़ निवासी अमित के साथ वर्ष 2017 में किया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके ससुराल वाले ढाई लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। उसको एक तीन वर्ष की एक पुत्री है। इधर आरोपित चांदनी के पति ने कहा कि हम गाड़ी चलाते हैं।आज सुबह हरिणा में गाड़ी खड़ा कर अपने घर माहुलटांड़ आया था। इस बीच किसी बात को लेकर पत्नी ने मेरा मोबाइल तोड़ दिया था। गुस्सा में आकर उसे एक थप्पड़ मारा था। इसी बीच वह रेल लाइन पर चली गई होगी। मेरे ऊपर गलत आरोप लगाया जा रहा है।