कुख्यात मिंटू कश्यप की जेल में माैत, विनोद झा हत्याकांड का था मुख्य अभियुक्त Dhanbad News
जेल अधीक्षक अजय कुमार के मुताबिक सुबह-सुबह मिंटू कश्यप की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसके सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अस्पताल के चिकित्सक प्रारंभिक जांच के बाद उसे एस एन एम सी एच रेफर कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। चिरकुंडा थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी आनंद वर्द्धन उर्फ मिंटू कश्यप की माैत हो गई है। रविवार सुबह धनबाद जेल के अंदर उसकी माैत हो गई। 28 जून, 2021 को धनबाद पोस्ट ऑफिस के पास से उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह विनोद झा हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में जेल के अंदर था। रविवार सुबह मिंटू ने सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SNMMCH) धनबाद में ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल अधीक्षक ने बताई माैत की संभावित वजह
जेल अधीक्षक अजय कुमार के मुताबिक सुबह-सुबह मिंटू कश्यप की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसके सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अस्पताल के चिकित्सक प्रारंभिक जांच के बाद उसे एसएनएमसीएच रेफर कर दिया। सुबह 6 बजे के करीब जेल प्रशासन के लोग उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई।
जेल के अंदर क्वारंटाइन वार्ड में था मिंटू
मिंटू कश्यप जेल में आने के बाद कारंटाइंड वार्ड में था। प्रशासन के निर्देश पर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित की गई है। मिंटू कश्यप की मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम में स्पष्ट हो जाएगा ? उपायुक्त उमाशंकर सिंह ने मिंटू के पोस्टमार्टम के लिए टीम गठित की है।
विनोद झा हत्याकांड में हुई थी गिरफ्तारी
चिरकुंडा थाना क्षेत्र के तालडंगा हाउसिंग कॉलोनी में 24 फरवरी को विनोद झा की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मिंटू मुख्य अभियुक्त था। मिंटू लोजपा से जुड़ा था। साथ ही सूदखोरी का कारोबार भी करता था। मिंटू के सूदखोरी के कारोबार में विनोद वसूली का काम करता था। पैसे के लेन-देन में विवाद के बाद विनोद ने मिंटू का साथ छोड़ दिया। इसके बाद मिंटू ने विनोद की हत्या करवा दी। इसके बाद से ही चिरकुंडा पुलिस को मिंटू की तलाश थी। 28 जून को धनबाद पुलिस ने मिंटू को गिरफ्तार कर चिरकुंडा पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद उसे जेल भेजा गया था।
अंतरप्रांतीय अपराधियों के नेटवर्क से था जुड़ा
चिरकुंडा थाना क्षेत्र के तालंडगा आवासीय कालोनी निवासी मिंटू कश्यप अंतरप्रांतीय अपराधियों के नेटवर्क से जुड़ा था। यूपी के शूटर गुड्डू शुक्ला से संबंध बना रखा था। शुक्ला हो ही विनोद झा की हत्या की सुपारी दी थी।