चोरी के मोहब्बत का अंजाम... प्रेमिका के घर घुसे युवक को पीटकर मार डाला, तड़पते प्रेमी को किसी ने पानी भी नहीं दिया
Love Story युवक के परिजनों ने बताया कि कई माह से राजेंद्र का उस लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके मोबाइल पर लड़की का फोन आता था। वह भी जीतपुर आता-जाता रहता था।
टुंडी, जेएनएन। Love Story पश्चिमी टुंडी के मनियाडीह थाना से आठ किमी दूर जीतपुर गांव के पारटांड़ टोला में गिरिडीह के खुंखरा थाना क्षेत्र के मदनाडीह निवासी 18 वर्षीय राजेंद्र किस्कू को ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला। वह रात में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर में प्रवेश किया था। घरवालों को पता चलते ही डुगडुगी बजा दी। इसके बाद गांव के आदिवासी जुट गए और युवक की दमभर पिटाई की। इसके बाद वह तड़प-तड़प कर मर गया। घायल अवस्था में प्रेमी पानी की मांग कर रहा था लेकिन किसी ने नहीं पिलाया। अंत में दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
क्या है मामला
मामला ये है कि रविवार की रात 12 बजे वह मिसिर हांसदा के घर में घुस गया। वहां सो रही परिवार की एक लड़की के पलंग के पास खड़ा था। तभी उसी कमरे से सो रही एक बच्ची जाग गई। उसने शोर मचाया तो घरवाले जाग गए। उन्होंने डुगडुगी बजा दी। इसके बाद गांव के लोग आ गए और युवक को पकड़ लिया। उसे इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। तीन ग्रामीणों को हिरासत में भी लिया है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। वहीं कुछ का कहना था कि राजेंद्र चोरी की नीयत से घुसा था। इस घटना से गांव के लोग भड़क गए। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए और जमकर पिटाई की। उस समय मुखिया भी मौजूद थे। पिटाई से बेदम राजेंद्र पानी मांगता रहा, पर किसी ने पानी नहीं पिलाया।
मदनाडीह के ग्रामीणों ने तीन को पीटा
सुबह होने पर मदनाडीह के ग्रामीणों को जानकारी मिली। वहां से कई ग्रामीण पहुंचे, मगर राजेंद्र की मौत हो चुकी थी। तुरंत मदनाडीह सूचना भेजी गई। वहां के लोग भड़क गए। सैकड़ों ग्रामीण पारटांड़ पहुंचे व गांव को घेरकर हमला कर दिया। तीन ग्रामीणों की पकड़कर पिटाई की। स्थिति देख मुखिया सनोदी देवी ने मनियाडीह थाना को सूचना दी। पुलिस आई तो शव उठाने नहीं दिया। कहा- पहले हत्यारों को गिरफ्तार करो, उसके बाद शव उठाने देंगे। साढ़े तीन घंटे तक पुलिस व ग्रामीणों में खूब बहस हुई। किसी प्रकार उनको समझाकर तीन बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पारटांड़ टोला के लगन हांसदा, सूरजदेव मरांडी व रामेश्वर हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कई माह से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
जीतपुर से मदनाडीह गांव नजदीक है। युवक के परिजनों ने बताया कि कई माह से राजेंद्र का उस लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके मोबाइल पर लड़की का फोन आता था। वह भी जीतपुर आता-जाता रहता था।
11 ग्रामीणों के नाम आए सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्याकांड में 11 लोगों की संलिप्तता उजागर हुई है। इनमें छतिकलाल हांसदा, जयलाल हांसदा, रसिकलाल हांसदा, बंशीलाल हांसदा, जगन हांसदा, बिनीलाल हांसदा, गणेश मरांडी, दिनेश हांसदा, सूरजदेव, लगन हांसदा व रामेश्वर के नाम शामिल हैं। मदनाडीह के ग्रामीणों के हमले के बाद पूरा पारटांड़ टोला खाली हो गया। घरों में केवल महिलाएं और बच्चे हैं।
प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है। ग्रामीण चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात कह रहे हैं। पुलिस राजेंद्र के मोबाइल की तहकीकात कर रही है। सच्चाई जल्द सामने आएगी।
-संतोष कुमार, थाना प्रभारी, मनियाडीह