घरवाले मनाते रहे, पर लड़की घर जाने को नहीं हुई तैयार
परिजनों ने लड़की को घर वापस चलने को कहा, पर उसने अनसुना कर दिया। लाख गुजारिश की, पर वह टस से मस नहीं हुई, उल्टे पुलिसकर्मियों के कहने पर कागजी खानापूर्ति करती रही।
धनबाद। धनबाद के मनाईटाड़ की रहने वाली रंजुला कुमारी शर्मा ने अपना घर-परिवार छोड़कर मटकुरिया रेलवे कॉलोनी निवासीरणधीर कुमार से शादी कर ली। दोनों धनबाद के खंडेश्वरी मंदिर में मंगलवार सुबह पहुंचे और शादी कर धनबाद महिला थाने पहुंच गए। सूचना मिलते ही लड़की पक्ष के परिजन, रिश्तेदार व अन्य मित्र धनबाद महिला थाने आकर डेरा डाल दिए। परिजनों ने लड़की को घर वापस चलने को कहा, पर उसने अनसुना कर दिया। परिजनों ने लाख गुजारिश की, पर वह टस से मस नहीं हुई, उल्टे पुलिसकर्मियों के कहने पर कागजी खानापूर्ति करती रही।
उधर, लड़के के तरफ से भी उसके परिजन आए हुए थे। दो अलग-अलग जाति के होने के कारण लड़की पक्ष के लोग शादी को तैयार नहीं थे। लड़की के पिता सुरेश शर्मा का कहना था कि वह बालिग जरूर हो गई है, पर अभी उसे समझ में नहीं आ रहा है कि उसका यह कदम सही है या गलत। इस बीच, लड़का रणधीर कुमार ने बताया कि उन दोनों के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। परिवार वालों को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, पर वह शादी के लिए तैयार नहीं हुए, इसलिए उन्हें मजबूरन ऐसा कदम उठाना पड़ा।
जोड़े ने मैरिज रजिस्टर्ड ऑफिस में भी इसके लिए आवेदन दिया है। पुलिस देर शाम तक दोनों परिवारों के बीच समझौता करवाती रही, पर लड़की पक्ष मानने को तैयार नहीं था। बालिग होने के नाते पुलिस कोई कानूनी कार्रवाई भी नहीं कर सकती थी, लिहाजा लड़के-लड़की को एक साथ बाड भरवा कर छोड़ दिया गया।