East Central Railway: सबिता वुमन ऑफ द मंथ, धनबाद रेल मंडल में कर्मचारियों की हाैसलाअफजाई की नई शुरूआत
East Central Railway धनबाद रेल मंडल के धनबाद कोचिंग डिपो में एक नई शुरूआत की गई है। कर्मचारियों को कार्य के प्रति उत्साहित करने के लिए उनके बीच से हर महीने किसी न किसी को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों घोषित किया जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेलवे कोचिंग डिपो में कर्मचारियों की हौसला अफजाई की नई शुरुआत की गई है। ऐसे कर्मचारी जो अपने काम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे उनकी तस्वीर नोटिस बोर्ड पर लगेगी। तस्वीर के साथ मैन ऑफ द मंथ या वुमन ऑफ द मंथ भी लिखा रहेगा। साथ ही उस कर्मचारी ने जो काम किये हैं, उसकी भी संक्षिप्त जानकारी साझा की जाएगी। अन्य बढ़िया काम करने वाले कर्मचारियों के नाम भी दर्शाए जाएंगे। रेलवे का मानना है कि इससे न सिर्फ बेहतर काम करने वाले कर्मचारी को प्रोत्साहित किया जा सकेगा बल्कि दूसरे कर्मचारी भी इससे प्रेरित होंगे। इसी तरह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी का नाम भी नोटिस बोर्ड पर जारी किया जाएगा।
सबिता मोहंती बनी वुमन ऑफ द मंथ
रेलवे में इसकी शुरुआत के साथ ही कैरेज एंड वैगन विभाग की टेक्निशियन सबिता मोहंती पहली वुमन ऑफ द मंथ बनी है। उनकी तस्वीर कैरेज एंड वैगन विभाग के नोटिस बोर्ड पर लगाई गई है।
कर्मचारियों के लिए सेल्फी पॉइंट की शुरुआत 17 को
कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों के लिए कोचिंग डिपो परिसर में सेल्फी पॉइंट भी विकसित किया जा रहा है। हेरिटेज पार्क से सटे उस स्थान पर कर्मचारियों के लिए बैठने की जगह बन रही है। लंच के समय कर्मचारी उस जगह बैठ सकते हैं। हरे भरे बगीचे में सेल्फी भी ले सकते हैं।