AIIMS Deoghar: देवघर एम्स में फरवरी से शुरू होगी ओपीडी सेवा, निर्माण का जायजा लेने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने किया दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई 2018 को धनबाद से एम्स देवघर का ऑनलाइन शिलान्यास किया था। इसके बाद तेजी से काम हो रहा है। इसके निर्माण से झारखंड की स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी। झारखंड के आदिवासी बहुल संताल क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा।
देवघर, जेएनएन। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि फरवरी, 2021 तक देवघर एम्स का ओपीडी शुरु हो जाएगा। इसका लाभ झारखंड के साथ ही सीमावर्ती बिहार और पश्चिम बंगाल के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि ओपीडी भवन, मेडिकल काॅलेज का हाॅस्टल और रैन बसेरा भी फरवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। देवघर एम्स का निर्माण समय पर पूरा होगा। इसके स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार काम कर रहा है।
ऑडियो-वीडियो के माध्यम से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रविवार सुबह देवघर एम्स का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने देवीपुर स्थित निर्माणाधीन एम्स का जायजा लिया। इसके बाद मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए लगातर काम कर रही है। इसी दिशा में एम्स का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दाैरान पौधरोपण किया। ऑडियो-वीडियो के माध्यम से मरीजों को मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। उनके साथ देवघर विधायक नारायण दास थे।
एम्स कैंपस में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय
चाैबे ने कहा कि कि चार हजार मेडिकल कर्मचारी और अधिकारियों के बच्चों को शिक्षा देने के लिए कैंपस में ही केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। मौके पर ही निदेशक को एक प्रस्ताव बनाकर स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजने को कहा। मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जाकर पूजा भी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई, 2018 को किया था शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई, 2018 को धनबाद से एम्स देवघर का ऑनलाइन शिलान्यास किया था। इसके बाद तेजी से काम हो रहा है। इसके निर्माण से झारखंड की स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी। झारखंड के आदिवासी बहुल संताल क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। इस इलाके में आज भी स्वास्थ्य सेवा की स्थिति बहुत खराब है।