10 महीने पहले दस लाख खर्च कर संवारी गई सड़क में फिर बन गए गड्ढे, गया पुल से हिचकोले खाते हुए गुजर रहे वाहन Dhanbad News
धनबाद के गया पुल के नीचे की सड़क की सूरत फिर से बिगड़ने लगी है। यहां गाड़ियों के पहिये थम-थम कर घूम रहे हैं। मुख्य मार्ग पर गड्ढों के कारण जाम की स्थिति बन रही है।
धनबाद, जेएनएन। तकरीबन 10 महीने पहले 10 लाख खर्च पर जिस सड़क की मरम्मत हुई थी, वहां फिर 10 गड्ढे बन गए हैं। आलम ये है कि यहां वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। जी हां, शहर को जोड़ने वाले गया पुल के नीचे की सड़क की सूरत फिर बिगड़ गयी है। गाड़ियों के पहिये यहां थम-थम कर घूम रहे हैं। मुख्य मार्ग पर गड्ढों के कारण यहां जाम की स्थिति बन रही है।
पिछले साल काफी मशक्कत के बाद पथ निर्माण विभाग ने इसकी मरम्मत शुरू कराई थी। लगातार तीन माह बारिश की वजह से विभाग को बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ा था। वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण देर रात ट्रैफिक ब्लॉक लेकर सड़क की मरम्मत कराई गई थी। इस काम के लिए लगभग 10 लाख रुपए खर्च किए थे। गया पुल से श्रमिक चौक के बीच की टूटी सड़कों की भी मरम्मत कराई गई थी। पर जल जमाव न हो, इसका विकल्प नहीं तलाशा गया। यही वजह है कि सड़क फिर से अपने पुराने दिनों में लौट गई।
"विभाग ने पिछले साल ही मेंटेनेन्स का काम करा दिया था। अब कोविड की वजह से फंड नहीं है। वैसे भी पुल के नीचे ड्रेनेज सिस्टम को जब तक दुरुस्त नहीं किया जाएगा। तब तक सड़क की स्थिति में स्थायी रूप से सुधार मुश्किल है।" -अमरेंद्र साहा, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग।