होली खेल घर लाैट रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में माैत, परिजनों का हाल बेहाल
मंटू सिंह के परिजन रात में ही गाड़ी लेकर खोजने निकल गए। रात करीब दो बजे करगाली के पास पहुंचे तो देखा कि सड़क किनारे मंटू एवं जागेश्वर का शव पड़ा था।
गिरिडीह, जेएनएन। मरकच्चो-घोड़थंबा पथ पर करगाली जटहा के निकट मंगलवार की देर रात सड़क हादसे में दो युवा दोस्तों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है। मृतकों में बिरनी थाना अंतर्गत कपिलो निवासी 24 वर्षीय मंटू सिंह एवं चानो निवासी 25 वर्षीय जागेश्वर साव शामिल हैं। जख्मी राहुल दास कपिलो का रहने वाला है।
मंटू सिंह अपने दोस्तों जागेश्वर साव एवं राहुल दास के साथ होली मनाने मंगलवार की शाम अपने ससुराल घोड़थंबा ओपी अंतर्गत खिरीयाचट्टा गया था। रात में खाना खाकर तीनों दोस्त वहां से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे तक जब मंटू सिंह नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ने अपने मायके फोन किया। पता चला कि तीनों रात दस बजे ही घर के लिए वहां से निकल गए थे। इसके बाद मंटू सिंह के परिजन रात में ही गाड़ी लेकर खोजने निकल गए। रात करीब दो बजे करगाली के पास पहुंचे तो देखा कि सड़क किनारे मंटू एवं जागेश्वर का शव पड़ा था। राहुल अचेत था। जागेश्वर के घर एवं धनवार थाना को फोन से घटना की जानकारी दी। इसके बाद जख्मी राहुल को राजधनवार अस्पताल ले गए। वहां से उसे तुरंत पीएमसीएच भेज दिया गया। पीएमसीएच में इलाज के बाद गंभीर हालत देख उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर धनवार पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है।