Jharkhand: कोविड केयर सेंटर में संक्रमित महिलाओं के साथ अश्लील हरकत, दो सफाई कर्मी गिरफ्तार
गोड्डा के सिकटिया स्थित कोविड केयर अस्पताल में सफाई कर्मी ने इलाजरत महिलाओं के साथ अश्लील हरकत की। इसपर महिला वार्ड में पीड़ितों ने जमकर हंगामा किया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में दखल दी। इसके बाद दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गोड्डा, जेएनएन। सदर प्रखंड के सिकटिया स्थित कोविड केयर सेंटर में आउटसोर्सिंग कंपनी के दो सफाई कर्मी अनिल दास और पंकज मोहली ने इलाजरत कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ अश्लील हरकत की है। मामला उजागर होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार को दोनों आरोपित सफाई कर्मियों को मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज सिकटिया स्थित कोविड केयर अस्पताल में सफाई कर्मियों ने इलाजरत महिलाओं के साथ अश्लील हरकत की। इसपर महिला वार्ड में पीड़ितों ने जमकर हंगामा किया। हंमागा का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में दखल दी।
वहीं, घटना के बाद सफाई कर्मी अपने अन्य सहयोगियों के साथ वहां से भाग गया। प्रशासन को घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी हरकत में आए, देर रात ही आरोपित सफाई कर्मी को शहर के गांधीनगर से पकड़ कर पुनः कोविड सेंटर सिकटिया लाया गया। वहां महिलाओं की ओर से दोनों की पहचान की। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद देर रात ही नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र कुमार मंडल, सिविल सर्जन डॉ. सीपी मिश्रा तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कोविड सेंटर पहुंचकर मामले की जांच की।
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, कोविड सेंटर सिकटिया में सुबह-शाम दो पालियों में पीपीई किट पहनकर सफाई कर्मी रोजाना की तरह भी शुक्रवार देर शाम सफाई करने पहुंचे थे। इनमें एक सफाई कर्मी पहली बार कोविड सेंटर में काम करने आया था, जिसे उसके दूसरे साथी ने उसे पुरुष वार्ड में सफाई के लिए भेज दिया, वहीं आरोपित सफाई कर्मी महिला वार्ड में पहुंचकर अपने को दिल्ली से आया डॉक्टर बताया तथा महिला मरीज की जांच करने के बहाने उनके शरीर को गलत नियत से छूने लगा। उक्त कर्मी ने महिला मरीजों से यह भी कहा कि जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया जाएगा। महिलाओं ने अपने शरीर के अंगों को स्पर्श करने पर आपत्ति जताई, लेकिन वह मनमानी करता रहा। बाद में एक महिला ने पुरुष वार्ड जाकर इसकी जानकारी अन्य मरीजों को दी तो सभी ने दोषियों को सामने लाने की बात पर रात का भोजन लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामले में अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
पीपीई किट के कारण सफाई कर्मियों को नहीं पहचान पाईं महिलाएं : रोजाना की तरह सफाई कर्मी पीपीई किट पहनकर अंदर झाड़ू लेकर प्रवेश करते थे, लेकिन शुक्रवार को बिना झाड़ू के ही आरोपित सफाई कर्मी अनिल दास और पंकज मोहली पीपीई किट पहनकर महिला वार्ड में प्रवेश किया था। इस कारण महिला मरीज सफाई कर्मी को पहचान नहीं पाईं। महिला के अंगों को छूने के बाद महिलाओं ने हंगामा कर दिया जिसके बाद तीन-चार अन्य महिलाओं ने भी अपने साथ हुए इस तरह की घटना होने की बात कही और आरोपितों को सामने लाने के लिए सभी अड़ गए।
कोविड केयर सेंटर की सफाई निजी कंपनी को : शहर की सफाई के लिए आकांक्षा मैनेजमेंट कंपनी को नगर परिषद की ओर से ठेका दिया गया है। यहां शहर की सफाई की जिम्मेवारी आकांक्षा कंपनी पर है। कोरोना काल में प्रशासन की ओर से कोविड केयर सेंटर की सफाई भी उक्त कंपनी को दी गई है। महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप लगाने के बाद आकांक्षा कंपनी की काफी बदनामी हुई है। सिकटिया कोविड सेंटर की घटना पर वार्ड पार्षद प्रीतम गाडिया ने रोष प्रकट करते हुए पूरे मामले में डीसी से हस्तक्षेप कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गाडिया ने कहा कि आकांक्षा कंपनी ने जिला प्रशासन का विश्वास तोड़ा है। इसके लिए सीधे तौर पर कंपनी और उसके सुपरवाइजर पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कंपनी के दो सफाई कर्मी द्वारा कोविड केयर अस्पताल सिकटिया में महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करना संज्ञेय अपराध है। मामले को लेकर दोनों कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। विभागीय स्तर पर भी कंपनी के सुपरवाइजर आदि पर कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार मिश्रा, कार्यपालक पदाधिकार, नगर परिषद, गोड्डा।
कोविड केयर सेंटर में इलाजरत काेराेना संक्रमित महिलाओं के साथ अश्लील हरकता के मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर कांड अंकित कर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेजा जा रहा है। इसके साथ ही कोविड सेंटर प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन का निर्देश दिया गया है। - जेके जायसवाल, थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना, गोड्डा।