टुंडी में बुलेट से चकमा खाकर पलटा टेम्पो, महिला की मौत
संवाद सहयोगी टुंडी दक्षिणी टुंडी बसहा पोखरिया डाउन के पास टेम्पो पलटने से उस पर सवार
संवाद सहयोगी, टुंडी : दक्षिणी टुंडी बसहा पोखरिया डाउन के पास टेम्पो पलटने से उस पर सवार एक महिला की दबने से मौत हो गई। इस घटना से स्वजनों में गम का माहौल है। स्थानीय नेता हलधर महतो ने टुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी से मृतक के स्वजनों को सरकारी सहायता मुहैया कराने की मांग की है।
खोरमो गांव लतारबहियार टोला निवासी 35 वर्षीय सोनामुनि मंझियान अपने भतीजे की शादी के निमित्त विवाह सामग्री खरीदने टुंडी आई थी। पर्वतपुर गांव से सवारी छोड़कर लौट रहे टेम्पो पर खोरमो मोड़ के पास सवार हो गई। महिला के साथ उनके स्वजन भी थे। टेम्पो वहां से लगभग 800 मीटर आगे ही बसहा पोखरिया तीखा मोड़ के पास पलट गया। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार बुलेट के आने से टेम्पो चालक चकमा खा गया और उसका नियंत्रण टेम्पो पर नहीं रहा। महिला टेम्पो के नीचे ही दब गई। बाकी सवारियों ने टेम्पो को उठाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पड़ोस के ग्रामीणों से मदद मांगने तक काफी देर हो चुकी थी। इस दौरान टेम्पो में दबी महिला की मौत हो गई। इस घटना में स्वजनों को खरोंच तक नहीं आई।
खबर सुनकर खोरमो गांव के पंसस प्रतिनिधि कलेश्वर बास्की, संतोष भगत पहुंचे व टुंडी पुलिस को सूचना दी। टुंडी थाना के अवर निरीक्षक विकास यादव दलबल के साथ पहुंचे एवं लाश को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। टेम्पो को पुलिस थाना ले आई। मृतक का भतीजा अरविद सोरेन की शादी दो दिन बाद ही होनेवाली है। घर में बड़ी संख्या में कुटुंब स्वजन पहुंचे हुए हैं।
हादसे की खबर सुनते ही घर में चीत्कार मच गया। मृतका के दो पुत्र एवं एक पुत्री है। दोनों के विलाप से पूरा गांव गमगीन हो गया। घटना बुधवार की दोपहर एक बजे के आसपास घटी। पति बीरबल सोरेन का रो रोकर बुरा हाल है।