Top Dhanbad News of the day, Mon, 13 July, 2020, जीएम पर हमला, भाजपा मंडल अध्यक्ष को कोरोना, डेको आउटसोर्सिंग का चक्का जाम, सीबीएसई 12वीं का परिणाम, दिवंगत बीडीओ को श्रद्धांजलि
Top five Dhanbad news बीसीसीएल की कनकनी कोलियरी में संचालित हिलटॉप आउसोर्सिंग कंपनी के जीएम पर हमला किया गया। धनबाद जिला भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष को कोरोना हुआ है।
धनबाद, जेएनएन। बीसीसीएल की कनकनी कोलियरी में संचालित हिलटॉप आउसोर्सिंग कंपनी के जीएम पर सोमवार को हमला किया गया। धनबाद जिला भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष को कोरोना हुआ है। महिला राजद ने डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का जाम किया। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में धनबाद के छात्र-छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। पालाजोरी प्रखंड के बीडीओ के दिवंगत बीडीओ को प्रशासनिक पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी।
नाैकरी के लिए जीएम पर हमला
बीसीसीएल की कनकनी कोलियरी में संचालित हिलटाॅप आउटसोर्सिंग कंपनी के जीएम अंजय सिंह पर सोमवार को हमला किया गया। घटना दोपहर करीब एक बजे सेंद्रा स्थित कनकनी कोलियरी कार्यालय परिसर में घटी। हमले के बाद अफरा तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में जीएम को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जूट गई है। सिंह ने लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत में मदनाडीह के विक्की चौहान पर मारपीट करने का आरोप गाया है। जीएम के अनुसार कनकनी कोलियरी कार्यालय से बाहर निकल ही रहे थे उस समय युवक हाथ में केबल का कटा हुआ टुकड़ा लिए वहां पहुंचा। कंपनी में नौकरी देने की मांग की। असमर्थता जताते ही वह युवक आक्रोशित हो उठा और केबल के टुकड़े से उस पर हमला कर दिया। कंपनी के मजदूरों के विरोध करने पर वह भाग खड़ा हुआ।
भाजपा मंडल अध्यक्ष की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव
धनबाद जिला भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष को कोरोना को कोरोना हुआ है। भूली में रहने वाले मंडल अध्यक्ष का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। सोमवार को रिपोर्ट आई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भाजपाई सहम गए। मंडल अध्यक्ष के संपर्क में आने वाले धनबाद के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को अब कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा सता रहा है। भाजपा नेता के पॉजिटिव होने के बाद उनके मोहल्ले को सोमवार को धनबाद नगर निगम द्वारा सैनिटाइज किया गया। धनबाद में किसी भाजपा नेता के कोरोना संक्रमित होने का यह पहला मामला है।
महिला राजद ने किया डेको आउटसोर्सिंग का चक्का जाम
10 सूत्री मांगो को लेकर धनबाद जिला महिला राष्ट्रीय जनता दल द्वारा सोमवार को सिजुआ -बासुदेवपुर ओसीपी में डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का 5 तक घंटे तक चक्का जाम किया गया। आंदोलन का नेतृत्व राजद महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अनवरी खातून ने किया। हैवी ब्लास्टिंग एवं नियम विरुद्ध उत्खनन कार्य के खिलाफ चक्का जाम आंदोलन किया गया। तकरीबन 5 घंटे तक काम बाधित रहने के बाद डेको आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा 16 जुलाई एवं प्रबंधन द्वारा 5 अगस्त को वार्ता की तिथि निर्धारित की गई। इसके बाद बासुदेवपुर परियोजना पदाधिकारी सत्येंद्र सिंह, डेको के अजय कुमार दुबे, राकेश कुमार सिन्हा एवं थाना प्रभारी विनोद उरांव के आग्रह पर आंदोलन स्थगित किया गया।
सीबीएसई ने जारी किए 12वीं कक्षा के परिणाम
सीबीएसई ने सोमवार को 12वीं कक्षा के परिणाम जारी किए। इस साल परीक्षा में धनबाद से करीब 22000 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। धनबाद के छात्रों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। सीबीएसई 12वीं कला संकाय की परीक्षा में श्री श्री सूर्यदेव सिंह स्मृति गुरुकुलम सरायढेला (धनबाद) की छात्रा शांभवी सिंह ने 98 फीसद अंक प्राप्त कर झारखंड में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। शांभवी पूर्व विधायक कुंती सिंह की नतिनी है। परीक्षा परिणाम आने के बाद पूर्व विधायक ने शांभवी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा अनु कुमारी ने कॉमर्स संकाय में 97.6, धनबाद पब्लिक स्कूल के अनुसार अनुष्का अग्रवाल ने 97.4 फीसद अंक प्राप्त किया है। राजकमल की आरती कुमारी ने विज्ञान संकाय में 97.4 और दून पब्लिक स्कूल की मैत्री शांडिल्य ने 97.2 फीसद अंक प्राप्त किया है। इसी तरह 12वीं कला संकाय में धनबाद पब्लिक स्कूल केजी आश्रम की स्वाति को 95.2 फीसद अंक मिला है।
अधिकारियों ने दी पालाजोरी के दिवंगत बीडीओ को श्रद्धांजलि
सोमवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सभागार में उप विकास आयुक्त बाल किशुन मुंडा की अध्यक्षता में पालाजोरी (देवघर) के प्रखंड विकास पदाधिकारी दिवंगत नागेंद्र तिवारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर 2 मिनट का मौन रखकर अधिकारियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए तथा परिजनों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति देने के लिए प्रार्थना की। निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण संजय कुमार भगत, अपर समाहर्ता आपूर्ति संदीप कुमार दोराईबुरू, अपर समाहर्ता श्याम नारायण राम, निदेशक एनईपी इंदु रानी, अनुमंडल दंडाधिकारी राज महेश्वरम, उप समाहर्ता भूमि सुधार सतीश चंद्र, एनडीसी अनुज बांडो सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।