Top Dhanbad News of the day, 24 th June 2019, मासूम से हैवानियत, सांप्रदायिक तनाव, जेल में छापा, पीएम किसान सम्मान, जदयू
तोपचांची में दो साल की बच्ची से दुष्कर्म। मदयडीह में सांप्रदायिक तनाव। धनबाद जेल में छापा। पीएम किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त का भुगतान। जदयू ने चलाया सदस्यता अभियान।
धनबाद, जेएनएन। तोपचांची थाना क्षेत्र में एक दो साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना घटी। गंभीर हाल में पीएमसीएच में बच्ची का इलाज चल रहा है। तोपचांची के ही मदयडीह गांव में सांप्रदायिक तनाव। धनबाद मंडल कारा में छापा के दाैरान मिली खैनी-चूने की डिबिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के बैंक खाते में गयी दूसरी किस्त की राशि। जदयू ने चलाया सदस्यता अभियान।
रिश्ते में भाई ने किया दो साल की बच्ची से दुष्कर्म
तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नाै बजे एक दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटी। उसे गंभीर हाल में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां इलाज चल रहा है। दुष्कर्म का आरोप रिश्ते में भाई लगने वाले बीस वर्षीय युवक अप्पू कुमार पर लगा है। घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी। उसी समय अप्पू ने कुकर्म किया। बच्ची की मां की नजर पड़ी तो वह भाग निकला।
तोपचांची के मदयडीह में सांप्रदायिक तनाव
अंतिम संस्कार से लाैट रहे लोगों पर मदयडीह गांव में सोमवार को सांप्रदाय विशेष के लोगों ने हमला बोला। हमले में दर्जन भर लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है। धनबाद जिले के मदयडीह गांव में एक महिला की मृत्यु हो गई। उसके परिजन और गांव वाले अंतिम संस्कार से जब लाैट रहे थे तो गांव के बाहर एक धर्मस्थल के पास उपस्थित लोगों ने हमला बोल दिया। पत्थराव किया। लाठी और डंडे से पिटाई की। घायलों का तोपचांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। घटना के बाद गांव में पुलिस कैंप कर रही है जिससे स्थिति नियंत्रित है।
तड़के चार बजे धनबाद मंडल कारा में छापा
धनबाद मंडल कारा में सोमवार तड़के चार बजे छापा पड़ा। छापेमारी चार बजे से लेकर छह बजे तक चली। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी जब जेल के अंदर से बाहर निकले तो उनके हाथ खाली थे। बरामदगी के नाम पर सिर्फ खैनी, चूना, सिगरेट, ब्लेड, मोबाइल चार्जर वगैरह ही थे। न तो हथियार मिले और न ही नक्सली साहित्य। उप विकास आयुक्त शशि रंजन और एसएसपी किशोर काैशल ने छोपेमारी का नेतृत्व किया। उनके साथ थे सिटी एसपी पीयूष पांडेय, एडीएम विधि व्यवस्था राकेश दुबे, एसडीएम राज महेश्वरम, डीएसपी विधि व्यवस्था मुकेश कुमार आदि।
किसानों को मिली पीएम किसान सम्मान निधि योजना की दूसरी किस्त
कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद निधि कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को धनबाद के न्यू टॉउन हाल में किया गया। मुख्य अतिथि झारखंड सरकार मंत्री अमर कुमार बाउरी ने धनबाद के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त के भुगतान का शुभारंभ किया। धनबाद के करीब 8000 किसानों को योजना के तहत दो-दो हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भुगतान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल, इंद्रजीत महतो धनबाद जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य आदि उपस्थित थे।
जदयू ने चलाया सदस्यता अभियान
धनबाद जिला जदयू ने सोमवार को शहर के रणधीर वर्मा चाैक पर सदस्यता अभियान चलाया। इसका नेतृत्व जदयू के महानगर अध्यक्ष राजू कुमार सिंह और धनबाद जिलाध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने किया। इस माैके पर कई लोगों ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप