Top Dhanbad News of the day, Sun, 19 January 2020, महिलाओं ने घेरा थाना, महिला की मौत, गौरी लंकेश हत्याकांड, पुलिस की लापरवाही, पल्स पोलियो अभियान
महिलाओं ने थाने का घेराव किया। ट्रैक्टर ने एक महिला को राैंदा। उद्योगपति की गिरफ्तारी की मांग। पुलिस की लापरवाही ने युवक की जान ली। पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत।
धनबाद, जेएनएन। खरखरी में दो गुटों के बीच हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना से नाराज महिलाओं ने थाने का घेराव किया। पूर्वी टुंडी के जामडीह में ट्रैक्टर ने एक महिला को राैंद दिया। मासस ने पत्रकार गौरी लंकेश हत्याकांड के आरोपित राजेश देवडीकर को संरक्षण देने वाले उद्योगपति प्रदीप खेमका की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस की लापरवाही ने सड़क हादसे में घायल एक युवक की जान ले ली। विधायक राज सिन्हा और डीसी अमित कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की।
दो गुटों में हुई मारपीट और गोलीबारी के विरोध में महिलाओं ने किया थाने का घेराव
मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से पथराव और गोली चालने की भी बात सामने आ रही है। इस मामले को लेकर स्थिति तनावपूर्ण है। एक पक्ष की तरफ से मधुबन थाना का घेराव किया जा रहा है। घटना के विरोध में महिलाएं मधुबन थाना का घेराव कर रहीं हैं। महिलाएं सड़क पर लेट गईं हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई थाना क्षेत्रों की पुलिस को मधुबन में बुलाया गया है।
महिला की मौत पर ग्रामीणों ने किया हंगामा
पूर्वी टुंडी के जामडीह गांव में रविवार सुबह एक महिला पदीना तुरीन (50 साल) को ट्रैक्टर ने राैंद दिया। माैके पर ही महिला की माैत हो गई। घटना के समय महिला अपने घर के दरवाजे के पास बर्तन धो रही थी। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। वहीं, इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर कर हंगांमा किया। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे थे।
गाैरी लंकेश हत्याकांड : संरक्षण देने वाले उद्योगपति की गिरफ्तारी की मांग
मार्क्सवादी समन्वय समिति ने पत्रकार गौरी लंकेश, डॉ. नरेंद्र डाभोलकर, गोविंद पनसरे और एमएम कुलबर्गी की हत्या करने वाले राजेश देवडीकर को संरक्षण देने वाले उद्योगपति प्रदीप खेमका की गिरफ्तारी की मांग की है। मासस ने शनिवार को डीसी अमित कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस बाबत ज्ञापन दिया। उसमें कहा गया है कि गौरी लंकेश समेत प्रमुख लोगों के हत्या के आरोपित राजेश को कतरास के उद्योगपति खेमका ने संरक्षण दिया था। पिछले दिनों राजेश देवडीकर उर्फ ऋषिकेश को बेंगलुरु एसआइटी ने कतरास से धर दबोचा था।
पुलिस की लापरवाही ने ली युवक की जान
पुलिस की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। सड़क हादसे में जख्मी एक युवक को 12 घंटे बाद पीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स ले जाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक की मौत के लिए परिजनों ने पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस यदि पहले अस्पताल में भर्ती कराती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, 20-21 को पिलाया जाएगा ड्रॉप
विधायक राज सिन्हा और डीसी अमित कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनबाद में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। इस दौरान विधायक ने नवजात बच्चे को पोलियो का ड्राप पिलाया। डीसी ने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को पोलियो रोधी ड्राप जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि एक बूंद से आप अपने बच्चे को खतरनाक बीमारी से बचा सकते हैं।