Top Dhanbad News of the Day, 19th April 2020, दूसरा कोरोना पॉजिटिव, डीएस कॉलोनी में कर्फ्यू, इंडोनेशियाई नागरिकों को जेल, क्रिकेटर शाहबाज नदीम, बरसे फुहारें
दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला। डीएस कॉलोनी में कर्फ्यू लगा। तब्लीगी से जुड़े 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को जेल। क्रिकेटर शाहबाज नदीम लॉकडाउन में फंसे। धूप-छांव के बीच फुहारें बरसे।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद हीरापुर स्थित डीएस कॉलोनी में कर्फ्यू लगा दिया गया है। तब्लीगी जमात से जुड़े 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को जेल भेज दिया गया। क्रिकेटर शाहबाज नदीम लॉकडाउन के कारण धनबाद में फंस गए हैं। धूप-छांव के बीच एकाएक धनबाद के आसमान में बादल छा रहे हैं और फुहारें बरस जा रही हैं।
धनबाद में मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज : धनबाद में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। शनिवार की देर रात डीसी अमित कुमार ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले 16 अप्रैल को जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर कुमारधुबी बस्ती में जिले का पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज पाया गया था। शनिवार को मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव हीरापुर स्थित डीएस कॉलोनी का रहने वाला है। वह रेलवे में ट्रैकमैन है तथा धनबाद रेल मंडल कार्यालय में कार्यरत है।
डीएस कॉलोनी में कर्फ्यू : धनबाद के हीरापुर स्थित डीएस कॉलोनी में रेल ट्रैकमैन की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद संक्रमण को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। संक्रमित मरीज के घर को ईपी सेंटर के रूप में चिह्नित किया गया है। इसकी परिधि में आने वाले डीएस कॉलोनी और अजंतापाड़ा को एसडीएम राज महेश्वरम ने कंटेनेंट जोन के रूप में चिह्नित किया है। इसके बाद पूरे इलाके को सील कर कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू लागू होने के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। डीएस कॉलोनी के एक-एक घर को सैनिटाइज किया जा रहा है।
तब्लीगी से जुड़े इंडोनेशियाई नागरिकों को भेजा गया जेल : धनबाद पुलिस ने 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को रविवार को जेल भेज दिया। इन सभी पर वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। तब्लीगी जमात से जुड़े इंडोनेशियाई नागरिक टूरिस्ट वीजा पर भारत पहुंचे थे। इसके बाद घूम-घूम कर धर्म का प्रचार कर रहे थे। इस मामले में गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। क्वारंटाइन अवधि समाप्त होने और कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भेज दिया गया।
धनबाद में फंसे क्रिकेटर शाहबाज नदीम : क्रिकेटर शाहबाज नदीम लॉकडाउन के कारण एक माह से झरिया स्थित अपने ससुराल में फंसे हैं। उन्हें अपनी पत्नी के इलाज के लिए कोलकाता जाना है, लेकिन पंश्चिम बंगाल सरकार की ओर से स्वीकृति नहीं मिलने से परेशान हैं। कोलकाता में रहनेवाले नदीम पारिवारिक समारोह में 19 मार्च को झरिया अपने ससुराल पहुंचे थे। लॉकडाउन के कारण यहां से फिर कोलकाता नहीं जा सके। लॉकडाउन के बीच में ही उनकी पत्नी सना अख्तर पिंकी की तबियत खराब हो गई। सना का इलाज कोलकाता स्थित अस्पताल चल रहा है।
धूप-छांव के बीच बरस रहे फुहारें : धूप छांव के बीच एकाएक धनबाद के आसमान में बादल छा रहे हैं और फुहारें बरस जा रही हैं। पिछले कई दिनों से मौसम में ऐसा परिवर्तन दिखने को मिल रहा है। अगले 27 अप्रैल तक यह परिस्थिति बने रहने का अनुमान है। इस बदलाव की वजह असम में ताकतवर लो प्रेशर का बनना है। असम की ओर जा रहे बादलों से यहां भी बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो रही है।