Top Dhanbad News of the Day, 17th June 2020, राज्यसभा चुनाव में भाग लेंगे ढुलू, सिंदरी विधायक को भी जमानत, मां-बेटी ने की आत्महत्या, पैसेंजर ट्रेन, कोरोना पॉजिटिव बच्चा
राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए राहत भरी खबर है। कोर्ट ने जेल में बंद विधायक ढुलू महतो को चुनाव में भाग लेने की इजाजत दे दी है। सिंदरी विधायक को भी जमानत पर मुक्त कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। जेल में बंद भाजपा विधायक ढुलू महतो को राज्यसभा चुनाव में भाग लेने की इजाजत मिली। राजसभा चुनाव से पहले गिरफ्तारी से बचने को सिंदरी विधायक ने धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। झरिया के बनियाहीर तीन नंबर निवासी मंजूर आलम की पत्नी रेशमा परवीन (30) और 12 वर्षीय पुत्री के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पूर्व रेलवे के बाद अब दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी नियमित पैसेंजर ट्रेनों का चलाने की संभावना पर विराम लगा दिया है। कोरोना पॉजिटिव डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उनके माता-पिता को भी वार्ड में अलग बेड दिया गया है।
राज्यसभा चुनाव में भाग लेंगे विधायक ढुलू : राज्यसभा चुनाव से दो दिन पहले बुधवार को झारखंड प्रदेश भाजपा के लिए धनबाद कोर्ट से राहत भरी खबर आई है। कोर्ट ने जेल में बंद भाजपा विधायक ढुलू महतो को राज्यसभा चुनाव में भाग लेने की इजाजत दे दी है। इसी के साथ राज्यसभा चुनाव में ढुलू के भाग लेने को लेकर जो संशय की स्थिति थी वह समाप्त हो गई है। 19 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान है। ढुलू को मतदान में भाग लेने के लिए पुलिस अभिरक्षा में धनबाद कोर्ट से झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगी। मताधिकार का प्रयोग करने के बाद ढुलू को वापस धनबाद जेल प्रशासन को साैंप दिया जाएगा।
गिरफ्तारी से बचने को सिंदरी विधायक ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण : लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो ने बुधवार को धनबाद की अदालत में सरेंडर किया। धनबाद के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी रवि नारायण की अदालत ने अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी की दलील सुनने के बाद विधायक को जमानत पर मुक्त करने का आदेश दिया है। 19 जून को राज्यसभा चुनाव है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए महतो की गिरफ्तारी हो सकती थी। इसकी भनक मिलने के बाद महतो ने कोर्ट में आत्म समर्पण कर जमानत ले ली।
झरिया में मां ने बेटी के साथ की आत्महत्या : झरिया थाना क्षेत्र के बनियाहीर तीन नंबर निवासी मंजूर आलम की 30 वर्षीय पत्नी रेशमा परवीन और 12 वर्षीय पुत्री मुस्कान परवीन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पैसेंजर ट्रेन चलने की संभावना पर फिलहाल विराम : पूर्व रेलवे के बाद अब दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी नियमित पैसेंजर ट्रेनों का चलाने की संभावना पर विराम लगा दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 30 जून तक सभी ईएमयू, मेमू, डेमू समेत सभी पैसेंजर ट्रेनों को रद्द रखने का निर्णय लिया है। यानी अब इस महीने के बाद ही पैसेंजर ट्रेनों के धीरे-धीरे पटरी पर लौटने की संभावना है। दरअसल, सोमवार को मुंबई लोकल ट्रेनें पटरी पर लौट गई हैं। इसे लेकर संभावना जताई जा रही थी कि दूसरे जोन भी पैसेंजर ट्रेनों को चलाने की अनुमति देंगे। पर फिलहाल इसकी संभावना खत्म हो गई है।
डेढ़ साल के बच्चे के माता-पिता को भी वार्ड में दिया गया अलग बेड : सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19 अस्पताल) में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उनके माता-पिता को भी वार्ड में अलग बेड दिया गया है। बच्चा अपने मां-पिता के बिना नहीं रह रहा था। इसे देखते हुए सेंट्रल अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे के बेड के पास मां और पिता का भी बेड अलग-अलग लगा दिया है। मंगलवार की रात में बच्चे के मां-पिता दोनों वार्ड में ही थे।