Top Dhanbad News of the Day, 14th June 2020, कोरोना मुक्त हुआ धनबाद, युवक को संशय, बेदाग कार्यकाल, मेयर का पुतला फूंका, अंतिम विदाई
मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि 200 करोड़ के घोटाला की पूरी जांच एसीबी करा ले। कहीं कुछ हुआ नहीं है। वहीं झामुमो महानगर ने मेयर का पुलता फूंका और निगम में घोटाला का आरोप लगाया।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद में कोरोना से संक्रमित सभी मरीज स्वस्थ हो गए हैं। वहीं, कोरोना को हराकर घर पहुंचे युवक के मन में संशय बरकरार है। मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने अपने कार्यकाल को बेदाग बताया और कहा कि 200 करोड़ के घोटाला की पूरी जांच एसीबी करा ले। झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर समिति ने मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल का पुतला फूंका। धनबाद थाना के मुंशी प्रेम कुमार सिंह के शव को अंतिम विदाई रविवार को पुलिस लाइन में दी गई। एनजीटी की ओर से 15 अक्टूबर तक बालू घाटों से खनन पर रोक के बावजूद अवैध कारोबार रुक नहीं रहा है।
कोरोना मुक्त हुआ धनबाद : धनबाद के लिए अच्छी खबर है। यहां कोरोना से संक्रमित सभी मरीज स्वस्थ हो गए हैं। कुल 114 मरीजों में 96 पहले ही स्वस्थ होकर घर जा चुके थे। रविवार 14 जून को कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल) से कोरोना को पराजित करने वाले 14 व्यक्ति अपने घर लौटे गए। स्वस्थ होने वाले लोगों में एक महिला भी शामिल थी। इस तरह 109 लोग स्वस्थ होकर अपने-अपने घर लाैट चुके हैं। धनबाद में अब तक 114 कोरोना के केस सामने आए थे। शेष 5 मरीज धनबाद से बाहर देश के विभिन्न हिस्सों में अपना इलाज करा रहे हैं।
कोविड-19 अस्पताल से छुट्टी के बाद भी युवक को संशय : लगभग 15 दिनों तक सेंट्रल अस्पताल में रहने के बाद कतरास प्रखंड के श्याम डीह निवासी अनिल कुमार दास (21) ने कोरोना को हराकर अपने घर पहुंचे हैं, लेकिन अभी भी युवक के मन में एक संचय बरकरार है। युवक जिला से लेकर प्रखंड के चिकित्सा अधिकारियों से अपने कोरोना वायरस से पॉजिटिव होने की रिपोर्ट की मांग कर रहा है। रविवार को घर पहुंचने के बाद गांव के मुखिया और अन्य व्यक्तियों ने स्वागत की तैयारी की, लेकिन यहां पर भी अनिल ने मुखिया उषा देवी से अपने पॉजिटिव होने की कागजात मांगे।
घोटाला की पूरी जांच एसीबी करा ले : मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल समेत सभी 55 वार्ड के पार्षदों का कार्यकाल बुधवार को समाप्त हो रहा है। ऐसे में रविवार को मेयर ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बीते पांच साल की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने अपने कार्यकाल को बेदाग बताया और कहा कि 200 करोड़ के घोटाला की पूरी जांच एसीबी करा ले। कहीं कुछ हुआ नहीं है। उन्होंने बताया कि बीते पांच वर्षों में धनबाद नगर निगम की ओर से विभिन्न योजनाओं के लिए 4000 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई।
झामुमो महानगर ने मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल का फूंका पुतला : झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर समिति ने मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल का पुतला फूंका। हीरापुर स्थित चलंत कार्यालय में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान मेयर के पांच वर्षों का कार्यकाल को विफल करार दिया। महानगर समिति अध्यक्ष देबू महतो ने कहा कि पांच साल में निगम में घोटाला हुआ। आज मेयर जनता के बीच घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं। धनबाद में बैंक मोड़ आरा मोड़ भाया पूजा टॉकिज तक फ्लाईओवर का डीपीआर तथा आधारशिला कई बार रखी गई। आखिर फ्लाईओवर कहां गया।
धनबाद थाना के मुंशी को पुलिस लाइन में दी गई अंतिम विदाई : धनबाद थाना के मुंशी प्रेम कुमार सिंह के शव को अंतिम विदाई रविवार को पुलिस लाइन में दी गई। इस मौके पर एसएसपी अखिलेश बी वारियर समेत दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे। दोपहर 12 बजे के करीब पोस्टमार्टम के बाद प्रेम सिंह का शव पुलिस लाइन लाया गया। वहां तीनों एसपी, डीएसपी समेत पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फुलमाला चढ़ाकर शव को अंतिम विदाई दी। प्रेम पलामू का रहनेवाला था, जिसकी तड़के सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
बालू खनन पर रोक के बावजूद नहीं रुक रहा अवैध कारोबार : नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की ओर से 15 अक्टूबर तक बालू घाटों से खनन पर पूरी तरह रोक के बावजूद अवैध बालू का खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। खनन विभाग के लाख कोशिशों के बावजूद भी बालू माफियां बेखौफ अवैध बालू के कारोबार में लगे हैं। हालांकि, विभाग की सक्रियता के कारण रविवार को पूर्वी टुंडी में पुलिस ने एक दर्जन बालू लदे वाहनों को पकड़ा। साथ ही पांच चालकों को भी पकड़कर थाना ले गई। इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।