Top Dhanbad News of the Day, 13th April 2020, भाजपा विधायक ढुलू, जल संकट, चायपत्ती गायब, कोरोना पॉजिटिव, मॉक ड्रिल
विधायक ढुलू की तलाश तेज कार्यपालक अभियंता का मोबाइल स्वीच ऑफ। बाजार से चायपत्ती गायब। धनबाद कोरोना से घिरा। PCMH व कोविड-19 अस्पताल के डॉक्टरों ने मॉक ड्रिल किया।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा विधायक ढुलू महतो की तलाश में धनबाद से रांची तक उनके आवास पर पुलिस ने छापामारी की। जल संकट बढ़ा तो कार्यपालक अभियंता ने मोबाइल स्वीच ऑफ किया। बाजार से चायपत्ती लगभग गायब हो गई हैं। धनबाद में अब तक कोरोना पॉजिटिव का कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं, कोरोना की तैयारियों को लेकर पीएमसीएच और कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल) के डॉक्टरों ने मॉक ड्रिल किया।
भाजपा विधायक ढुलू की तलाश में पुलिस ने धनबाद व रांची में की छापेमारी : महिला नेता से दुष्कर्म की कोशिश के आरोप से जुड़े मामले के आरोपित बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो के चिटाही स्थित आवास पर रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस ने छापेमारी की। ढुलू के रांची के चुटिया थाना अंतर्गत समृद्धि अपार्टमेंट स्थित आवास पर भी इसी दौरान दबिश दी गई। हालांकि ढुलू नहीं मिले। इसके पूर्व पुलिस तीन बार तलाशी ले चुकी है।
जल संकट बढ़ा तो कार्यपालक अभियंता ने स्वीच ऑफ किया मोबाइल : लॉकडाउन जैसी आपातकालीन स्थिति में धनबाद शहरी क्षेत्र में विगत शुक्रवार से जलापूर्ति बाधित है। इस संबंध में उपायुक्त अमित कुमार ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार मिश्रा को उनके मोबाइल फोन पर स्थिति का जायजा लेने का प्रयास किया, लेकिन हर बार फोन करने पर उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
LockDown में अब भूल जाइए सुबह को चाय की चुस्की : अब सुबह उठते ही चाय की चुस्की लेना भूल जाइये। शहर के बाजार से चायपत्ती लगभग गायब हो गई हैं। कई अन्य कंपनी उत्पादों का भंडार भी समाप्त होने को है। लॉकडाउन की वजह से राज्यों की सीमाएं सील होने के कारण इनकी आपूर्ति ठप है। बाजार समिति व थोक विक्रेताओं के पास जो सामग्री थी उससे अब तक काम चल रहा था। अब वह स्टॉक भी खत्म होने को है। वहीं, बचा हुआ माल थोक विक्रेता बढ़ी हुई कीमतों में बेच रहे हैं। वह भी सीमित ही है।
Dhanbad Lockdown Day 20 : धनबाद कोरोना से घिरा : धनबाद के लिए अच्छी बात यह है कि यहां अब तक कोरोना पॉजिटिव का कोई मामला सामने नहीं आया है। दूसरी तरफ चेतावनी भी है कि धनबाद चारों तरफ से कोरोना वायरस के संक्रमण से घिर गया है। धनबाद से सटे बोकारो जिला तो झारखंड में कोरोना का हॉटस्पॉट बन चुका है। यहां आठ मामले सामने आ चुके हैं। इनमें एक की माैत हो चुकी है। गिरिडीह में भी एक केस सामने आया है। धनबाद से सटे प. बंगाल के आसनसोल में भी कोरोना कहर दिखा रहा है। एक की मरीज की मृत्यु हो चुकी है।
हैलो! कोविड-19 अस्पताल; एक कोरोना पॉजिटिव मिला है, इलाज की तैयारी शुरू करें...
हैलो, हैलो ! कोविड-19 अस्पताल...। पीएमसीएच में एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिला है। इसे तुरंत कोविड-19 केंद्रीय अस्पताल में शिफ्ट करना है, डॉक्टरों की टीम को तैयार रखिए। यह कहना था पीएमसीएच के डॉक्टर यूके ओझा का। वह कोविड 19 (सेंट्रल अस्पताल) के डॉक्टर से बातचीत कर रहे थे। एंबुलेंस सायरन बजाते हुए पीएमसीएच पहुंची। पीएमसीएच के आइसोलेशन में भर्ती कोरोना मरीज को एंबुलेंस पर रखकर सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया। आगे पीछे डॉक्टरों और कर्मचारियों की फौज लगी रही। हर कोई पीपीई किट में तैयार था। दरअसल, पीएमसीएच और सेंट्रल अस्पताल के डॉक्टरों ने मॉक ड्रिल किया। इस दौरान पीएमसीएच से सेंट्रल अस्पताल तक मात्र 15 मिनट में मरीज को ले जाया गया और उसका इलाज शुरू कर दिया गया।