Top Dhanbad News of the Day, 12th April 2020, पेयजल संकट, स्पेशल क्लासेस, सघन चेकिंग अभियान, भावनात्मक अपील, कांग्रेस कमेटी की बैठक
लगभग 58 घंटे बाद मिला पानी। बीबीएमकेयू में स्पेशल क्लासेस होंगी। धनबाद पुलिस का सघन चेकिंग अभियान। डीसी ने भावनात्मक अपील। जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक।
धनबाद, जेएनएन। शहर के नौ मीनारों में लगभग 58 घंटे बाद रविवार को दोपहर बाद से जलापूर्ति शुरू हो गई। लॉकडाउन के बाद बीबीएमकेयू में छात्रों के लिए स्पेशल क्लासेस होंगी। वहीं कोरोना से बचाव को धनबाद पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है। जंग-ए-कोरोना में डीसी ने धनबाद वासियों से भावनात्मक अपील की। जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक हुई।
नौ जलमीनारों में हुई जलापूर्ति, शेष 10 टंकी में अब भी खाली : निरसा के खुदिया फाटक के पास मैथन जलापूर्ति की पाइप अत्यधिक प्रेशर के कारण शुक्रवार रात फट गई थी। इसकी वजह से शहर के सभी 19 जलमीनारों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। सभी जलमीनार सूखे रह गए। जिसे आखिरकार लगभग 58 घंटे बाद रविवार को दोपहर बाद से शहर में जलापूर्ति शुरू हो गई। नौ जलमीनारों को पानी से भर दिया गया, हालांकि अभी भी 10 टंकियों में पानी नहीं भरा जा सका। इसमें सोमवार को दोपहर तक पानी की सप्लाई हो जाएगी।
लॉकडाउन के बाद BBMKU में चलेंगी स्पेशल क्लासेस : जिन छात्रों के पास स्मार्ट फोन नही है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नही। बीबीएमकेयू ऐसे विद्यर्थियों के लिए स्पेशल क्लास करेंगी। कुलपति डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद ऐसे छात्रों के लिए प्रत्येक कॉलेज में विषयवार क्लास ली जाएंगी। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि मामले को लेकर राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू को अवगत कराया गया है।
लॉकडाउन को लेकर धनबाद पुलिस ने चलाया सघन अभियान : कोराना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए धनबाद पुलिस अब और सख्त हो गई है। शहर के सभी चौक चौराहे पर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। वैसे वाहन चालक जो बगैर काम से घर से निकले हैं। उन्हें अपना हिसाब पुलिस को देना पड़ रहा है। पुलिस कभी हाथ जोड़कर लोगों से विनती करते दिख रही है, तो कभी सख्त रवैया अपना रही है।
जंग-ए-कोरोना DC धनबाद वासियों से की भावनात्मक अपील : उपायुक्त अमित कुमार ने जिले के लोगों को लॉकडाउन का पालन करने का अनुरोध किया है। उपायुक्त ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसा कौन सा आवश्यक काम है जो जीवन से अधिक मूल्यवान है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपने घरों से बाहर निकलने से पहले एक बार जरूर सोचें कि क्या मेरा घर से बाहर निकलना जरूरी है?
जिनके पास नहीं है राशन कार्ड, उन्हें तुरंत दिया जाए 10 किलो अनाज : जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कंट्रोल कमेटी की समीक्षा बैठक हुई। ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजना व राज्य में कोई भूखा ना रहे, इसको लेकर जिले में जरूरतमंद लोगों को राशन दिया जा रहा है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें भी कम से कम 10 किलो अनाज तुरंत दिया जाए। इस मसले पर खाद्य आपूर्ति मंत्री माननीय रामेश्वर उरांव से भी बात की गई है। जिले में चूड़ा, चना और गुड़ का वितरण भी विस्तृत रूप से किया जाए। जिससे जरूरतमंद लोगों को अधिक से अधिक लाभ पहुंच सके।