Weather Forecast: माैसम विभाग की चेतावनी, धनबाद के साथ संताल के जिलों में गरज के साथ बरसेंगी फुहारें
Dhanbad Weather Forecast मानसून अध्ययनकर्ता डॉ. एसपी यादव का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन अभी शुरुआती दौर में है। दो-दिन में यह साफ होगा कि साइक्लोन में तब्दील होगा या दो हिस्सों में टूट जाएगा। साइक्लोन बनने पर झारखंड भी इससे प्रभावित हो सकता है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast News अरब सागर में चक्रवात ने सोमवार और मंगलवार को अपना असर दिखाया। सोमवार को देर रात तक बादल गरजते रहे। मंगलवार को भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। बुधवार को बारिश नहीं हुई पर बादलों का आना जाना लगा रहा। अब गुरुवार को फिर एक बार चक्रवात का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने धनबाद समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान जताया है। 21 मई को भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद दो तीन दिन मौसम साफ रहेगा।
चक्रवात टॉक्टे का असर
माैसम विभाग के अनुसार धनबाद के साथ ही बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ समेत झारखंड के दूसरे जिलों में गरज के साथ बारिश की फुहारें गिरने की संभावना है। अरब सागर में उठे चक्रवात Tauktae अपना प्रभाव पिछले पांच दिनों से दिखा रहा है। इसी कारण झारखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है। तेज हवा चलने और बादल गरजने का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा।
अब बंगाल की खाड़ी में चक्रवात
अगले सप्ताह धनबाद में एक बार फिर चक्रवात का असर दिखेगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की मानें तो बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने लगा है। 22 मई से लो प्रेशर की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। 26 मई तक साइक्लोन बन जायेगा जिसके बंगाल और ओडिशा की ओर बढ़ने का अनुमान है।
झारखंड भी हो सकता प्रभावित
मानसून अध्ययनकर्ता डॉ. एसपी यादव का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन अभी शुरुआती दौर में है। दो-दिन में यह साफ होगा कि साइक्लोन में तब्दील होगा या दो हिस्सों में बंट कर टूट जाएगा। साइक्लोन बनने पर झारखंड भी इससे प्रभावित हो सकता है।
- 23 मई तक का संभावित तापमान
- गुरुवार अधिकतम 37 न्यूनतम 23
- शुक्रवार अधिकतम 36 न्यूनतम 24
- शनिवार अधिकतम 37 न्यूनतम 24
- रविवार अधिकतम 39 न्यूनतम 25