पानी कनेक्शन काटने आये पीओ को विरोध का करना पड़ा सामना
तिसरा वाटर बोर्ड का कनेक्शन काटने सोमवार को नॉर्थ तिसरा पहुंचे पीओ को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इससे पीओ पंकज कुमार मशीन लेकर वापस लौट गए।
तिसरा : वाटर बोर्ड का कनेक्शन काटने सोमवार को नॉर्थ तिसरा पहुंचे पीओ को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इससे पीओ पंकज कुमार मशीन लेकर वापस लौट गए। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। बताते हैं कि पीओ कर्मियों व मशीन को लेकर नॉर्थ तिसरा डीबी रोड में झमाडा की पाइप लाइन का कनेक्शन काटने पहुंचे। जानकारी पाकर दर्जनों लोग व महिलाएं मासस नेता बिदा पासवान, सपन पासवान व कामता पासवान के साथ पहुंचे। पीओ का कहना था कि यहां से झमाडा की पाइप लाइन को हटाकर परियोजना चलाई जाएगी। नेताओं ने विरोध करते हुए कहा कि जब तक सभी का विस्थापन नहीं हो जाता, यहां पानी व बिजली नहीं काटने देंगे। बढ़ती भीड़ को देख पीओ मशीन लेकर वापस चले गए। नेताओं ने कहा कि हमलोग भी परियोजना चलाने देना चाहते हैं। लेकिन प्रबंधन दलालों की साठगांठ से लोगों की उपेक्षा कर रहा है। यहां के कई लोगों को बेलगढि़या में ऊपर तल्ला में घर दिया गया है। बूढ़े लोग ऊपर कैसे जाएंगे। प्रबंधन मनमाने तरीके से लोगों का विस्थापन कर रहा है। अभी भी कई लोगों को घर नहीं मिला है। नेताओं ने प्रबंधन से बैठकर मामले को सुलझाने की बात कही। पीओ ने यह कहकर ठुकरा दिया कि यूनियन के पदाधिकारी से ही बात करेंगे। यह सुनकर ग्रामीण भड़क गए। प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
..
यहां के सात लोगों को बेलगढि़या में घर दिया गया है। लोग नहीं जा रहे हैं। इस कारण पानी, बिजली काटा जा रहा है। आगे भी यह जारी रहेगा। परियोजना बंद है। इसे चलाना जरुरी है।
- पंकज कुमार, पीओ नॉर्थ तिसरा।