अब तक 24,380 छात्र-छात्राओं का नहीं खुला खाता, कुकिग कास्ट की राशि भी नहीं मिली
सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राओं को केवल ड्रेस ही नहीं बल्कि छात्रवृत्ति योजना और कुकिग कास्ट की राशि भी अब तक नहीं मिली है।
धनबाद : सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राओं को केवल ड्रेस ही नहीं बल्कि छात्रवृत्ति योजना और कुकिग कास्ट की राशि भी अब तक नहीं मिली है। ऐसा नहीं है कि विभाग की ओर से राशि नहीं भेजी जा रही है। बड़ी बात ये है कि अधिकांश छात्रों का बैंक खाता ही नहीं है। खाता खोलने की धीमी रफ्तार और योजनाओं की राशि भेजने की गति को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक इंद्र भूषण सिंह ने नाराजगी जताई है।
इस संबंध में गुरुवार को उन्होंने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी व प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को बैठक में तलब किया है। मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना की बात करें तो 10 हजार 246 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिलना था। इसमें 3558 छात्र-छात्राओं को अभी तक इस योजना के तहत राशि नहीं मिल पाई है। छात्र-छात्राओं के ड्रेस का हाल भी यही है। जिले के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा एक से 12वीं तक के कुल एक लाख 90 हजार छात्र-छात्राओं को ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर की राशि डीबीटी के माध्यम से मिलना है। अब तक 82 हजार छात्र-छात्राओं का खाता अब तक नहीं खुला है। वहीं ड्रेस की राशि खाते में भेजने की रफ्तार भी काफी धीमी है। केवल 81 हजार छात्रों के खाते में ही राशि भेजी जा सकी है। कुकिग कास्ट की बात करें तो 24 हजार 380 छात्र-छात्राओं का खाता नहीं खुलने के कारण उन्हें अब तक कुकिग कास्ट की राशि नहीं मिल पाई है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने इसमें तेजी लाने का निर्देश देते हुए विभाग की ओर जारी फार्मेट में छात्रों की पूरी विवरणी के साथ प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी व प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को बुलाया है।