Dhanbad Weather Update: कमजोर पड़ा बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन, जानें अब कैसा रहेगा माैसम का मिजाज
Dhanbad Weather Update मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब काफी कमजोर हो गया है और लो प्रेशर के रूप में मध्य प्रदेश पहुंच चुका है। इस वजह से अब मध्य प्रदेश से सटे झारखंड के हिस्से में ही बारिश होगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में आए लो प्रेशर और उसके डीप डिप्रेशन में बदलने के कारण तीन-चार दिनों तक धनबाद समेत पूरे राज्य में बादलों की आवाजाही जारी रहने के साथ थम-थम कर बारिश भी होती रही। घने बादलों की आवाजाही के कारण 3 दिनों तक धूप नहीं खिली। बुधवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि शाम के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा। गुरुवार से मौसम और साफ हो जाएगा। दिनभर बादल छाए रहने की संभावना नहीं है। धूप खिलेगी और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही होने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि बादलों के आने जाने के दौरान स्थानीय स्तर पर मजबूत होने से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
लगातार बारिश से धनबाद के तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आ गई थी। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया था। गुरुवार से मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री इजाफा होने के आसार हैं। इस वजह से अधिकतम तापमान 33 डिग्री पर रहेगा। इसके बाद तापमान में धीरे धीरे और बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार को 35 तो शनिवार को 36 डिग्री तक अधिकतम तापमान जा सकता है। तापमान बढ़ने के साथ ही उमस भी बढ़ेगी।
बारिश की संभावना कम
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब काफी कमजोर हो गया है और लो प्रेशर के रूप में मध्य प्रदेश पहुंच चुका है। इस वजह से अब मध्य प्रदेश से सटे झारखंड के हिस्से में ही बारिश होगी। धनबाद और आसपास से लो प्रेशर की दूरी काफी अधिक है। इस वजह से गुरुवार को धनबाद में बादल रह सकते हैं। पर बारिश की संभावना कम ही है। राज्य के कुछ हिस्सों में बादल गरजने और बिजली गिरने का खतरा गुरुवार को भी रहेगा। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है।