Dhanbad Weather Updates: शाम में फिर बरस सकते हैं बादल, बंगाल की खाड़ी में आनेवाला है लो प्रेशर
धनबाद में सुबह से ही धूप-छांव की आंख मिचौनी चल रही है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी धूप तेवर दिखा रही है। शाम में मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद में सुबह से ही धूप-छांव की आंख मिचौनी चल रही है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी धूप तेवर दिखा रही है। शाम में मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। रविवार से मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक बादलों की श्रृंखला फैली है जिससे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा में भी घने बादल छाए हुए हैं। घने बादलों की वजह से ओडिशा के तटीय हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन गया है। रविवार तक इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के लो प्रेशर में बदलने की संभावना है। लो प्रेशर चक्रवात का छोटा रूप है जिससे तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।
कई दिनों में लगातार धूप-छांव के बीच फुहारें बरस रही हैं। इससे दिन में जहां गर्मी तेवर दिखा रही है, वहीं शाम ढलने पर मौसम सुहाना हो रहा है। थम-थम फुहारें बरसने से तापमान में गिरावट आ गई है। पिछले दिनों 35 डिग्री पर पहुंचा तापमान 32 पर पहुंच गया है। रविवार में इसमें और गिरावट आने के आसार दिख रहे हैं। तापमान में गिरावट से उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है।
जून की तुलना में जुलाई में अब तक कम बारिश
जून की तुलना में जुलाई में बारिश कम हो रही है। आंकड़े बता रहे हैं कि धनबाद में एक जून से 10 जुलाई तक सामान्य बारिश 315.2 एमएम होना चाहिए जो 509.8 एमएम है। यानी 62 फीसद अधिक बारिश हो चुकी है। पर बढ़त का हिस्सा जून महीने का ही है। जुलाई में अब तक की बारिश में गिरावट आ गई है। धनबाद के साथ-साथ पड़ोसी जिले और संताल परगना में भी बारिश का ग्राफ जुलाई में नीचे चला गया है।
14 जुलाई तक का संभावित तापमान
शनिवार अधिकतम 32 न्यूनतम 25
रविवार अधिकतम 30 न्यूनतम 25
सोमवार अधिकतम 33 न्यूनतम 26
मंगलवार अधिकतम 32 न्यूनतम 26
बुधवार अधिकतम 31 न्यूनतम 25