Weather Update : बारिश के कारण 13 डिग्री तक गिरा कोयलांचल का तापमान, 15 मई तक कम सताएगी गर्मी Dhanbad News
Weather Update धनबाद व आसपास के इलाकों में रविवार को सुबह से धूप छांव के बीच दोपहर में फिर से एकाएक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और हल्की बारिश भी हुई।
धनबाद, जेएनएन। कोयलांचल व आसपास के जिलों में रविवार को सुबह से धूप छांव के बीच फिर से दोपहर में एकाएक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और हल्की बारिश भी हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया। वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन धनबाद, बोकारो समेत छ: जिलों में आंधी, बारिश के साथ बादल गरजने की संभावना जताई है। बारिश के साथ 40 से 50 की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है।
दूसरी ओर, मानसून के जानकार डॉ. एसपी यादव की माने तो असम के लो प्रेशर की वजह से धनबाद समेत संताल परगना का मौसम प्रभावित हो रहा है। मई महीने में भी लो प्रेशर की सक्रियता बने रहने का अनुमान है। इससे आधे मई महीने तक गर्मी कम पड़ेगी। इधर, मौसम के बदले मिजाज की वजह से धनबाद के तापमान में परिवर्तन हो गया है। अप्रैल के पहले हफ्ते में जहां अधिकतम तापमान जहां 40 के पार पहुंच गया था। अब इसमें आठ से 13 डिग्री तक गिरावट आ गयी है। अभी और गिरावट की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के बादल गिरा रहे पारा : बारिश से तापमान में गिरावट का कारण बादलों में पश्चिमी विक्षोभ की बर्फीली हवाओं का शामिल होना है। यही वजह है कि बीच-बीच में ओले भी बरस रहे हैं।
30 अप्रैल तक का संभावित तापमान : (डिग्री सेल्सियस में)
- रविवार- अधिकतम 27, न्यूनतम 22
- सोमवार- अधिकतम 29, न्यूनतम 20
- मंगलवार- अधिकतम 31, न्यूनतम 22
- बुधवार- अधिकतम 31, न्यूनतम 21
- गुरुवार- अधिकतम 29, न्यूनतम 22