Happy Birthday Sushant Singh Rajput: इस दुनिया में जिंदा हैं SSR, लगातार बढ़ रहे फॉलोअर्स
14 जून को आत्महत्या के बाद से इंस्टाग्राम और ट्विटर पर सुशांत के फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनकी मौत से पहले उनके इंस्टाग्राम पर लगभग नौ मिलियन फॉलोअर्स थे। दो दिन बाद ही 16 जून को फालोअर्स की संख्या बढ़कर 11.7 मिलियन हो गई।
धनबाद [ आशीष सिंह ]। Happy Birthday Sushant Singh Rajput आज यानी 21 जनवरी को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का जन्मदिन है। सुशांत आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके फैंस ने उन्हें आज भी अपनी यादों में जिंदा कर रखा है। अमूमन जिंदा सेलीब्रिटीज की फैन फॉलोअर्स बढ़ते हुए आपने देखा होगा। सुशांत सिंह के मामला थोड़ा अलग है। 14 जून को आत्महत्या के बाद से इंस्टाग्राम और ट्विटर पर सुशांत के फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले उनके इंस्टाग्राम पर लगभग नौ मिलियन (90 लाख) फॉलोअर्स थे। दो दिन बाद ही 16 जून को फालोअर्स की संख्या बढ़कर 11.7 मिलियन (एक करोड़ 10 लाख) हो गई।
इंस्टाग्राम पर 13.6 मिलियन फॉलोअर्स
इस समय सुशांत के इंस्टा अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या 13.6 मिलियन (एक करोड़ 36 लाख) से अधिक हो गई है। ऐसे में सुशांत की मौत के बाद से अब तक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 45 लाख फॉलोअर्स की बढ़ोतरी हुई है। भले ही सुशांत के इस अकाउंट पर अब कोई पोस्ट नहीं होगा, फिर भी उनके फैंस उन्हें फॉलो कर रहे हैं। सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी आखिरी पोस्ट अपनी मां को लेकर की थी और मां को याद किया था। 16 जून 2020 को इस तस्वीर को 29 लाख 60 हजार लाइक्स और एक लाख कमेंट मिले थे। इस समय इस पोस्ट को 51 लाख 79 हजार लोग लाइक और नौ लाख कमेंट कर चुके हैं। इससे सुशांत के चाहने वालों का अंदाजा लगाया जा सकता है। सुशांत को धनबाद के लोग भी पसंद करते थे। इसका एक बड़ा कारण यह भी रहा कि उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की बायोग्रॉफी में मुख्य भूमिका निभाई थी। झारखंड में इस फिल्म की शूटिंग हुई थी और इसमें माही के धनबाद निवासी दोस्त मिहिर दिवाकर का भी किरदार लोगों ने खूब पसंद किया था।
अमर हो गया सुशांत का इंस्टाग्राम अकाउंट
इंस्टाग्राम ने सुशांत के फैंस की भावनाओं को देखते हुए उनके अकाउंट को मेमोरलाइज्ड कर दिया है। सुशांत के बायो में उनके नाम के आगे रिमेमब्रिंग जोड़ दिया है। सुशांत बॉलीवुड के पहले ऐसे एक्टर बने, जिसका अकाउंट अमर करके इंस्टाग्राम ने श्रद्धांजलि दी। इंस्टाग्राम जिस एकाउंट को मेमोरलाइज्ड करता है, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। एक तरह से वो ऑनलाइन स्मारक की तरह हो जाता है। जहां फैंस अपने चहेते सितारे की तस्वीरों और वीडियोज को देख सकते हैं। सुशांत को फॉलो करने वाले धनबाद के युवा आर्किटेक स्वाति सिंह, रेडियो जॉकी वर्तिका, मनीषा, प्रीति पाठक, त्रिशाली, अनिमेष सिंह कहते हैं कि हमारे लिए सुशांत दूसरे माही थे। महेंद्र सिंह धौनी का किरदार निभाकर अमर हो गए। हम उनकी बेहतरीन एक्टिंग के कायल थे, इसलिए उन्हें फॉलो किया।