Bollywood Drug Case: ड्रग्स प्रकरण में श्रद्धा कपूर का नाम उछलने से उनके निजी सचिव हैरान, कहा-वो नशा करना तो दूर पार्टियों में जाने से भी करती परहेज
Sushant Singh Rajput case सुशांत सिंह राजपूत की माैत की जांच का दायरा ड्रग्स तक पहुंच गया है। इस मामले में सारा अली खान के बाद अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का भी नाम उछल रहा है। रिया ने NCB को दिए बयान में सारा श्रद्धा कपूर का नाम लिया है।
गिरिडीह [ दिलीप सिन्हा ]। Sushant Singh Rajput case आशिकी टू, छिछोरे जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में स्वतंत्र पहचान बना चुकी शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर पर ड्रग्स लेने के आरोप लग रहे हैं। गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड में केशवारी गांव के रहने वाले राजू पासवान 2013 से श्रद्धा कपूर के निजी सचिव हैं। उनका दावा है, सात सालों में उसने कभी भी श्रद्धा कपूर को ड्रग्स का सेवन करते नहीं देखा है। उन्हें ड्रग्स का नाम भी नहीं मालूम होगा। उन्हें बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड जगत के लोगों की पार्टियों में भी श्रद्धा बहुत कम जाती हैं। यदि जाना जरुरी हो तो सिर्फ मौजूदगी दर्ज कराने के बाद वापस लौट आती हैं।
रिया और सुशांत के फार्महाउस के केयर टेकर ने श्रद्धा का लिया नाम
सुशांत सिंह राजपूत की माैत की जांच का दायरा ड्रग्स तक पहुंच गया है। इस मामले में सारा अली खान के बाद अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का भी नाम उछल रहा है। कहा जा रहा है कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को दिए बयान में सारा अली खान और श्रद्धा कपूर का नाम लिया है। सुशांत के फार्म हाउस के केयर टेकर रईस ने भी श्रद्धा का नाम लिया है।
निजी सचिव राजू पासवान ने दी सफाई
श्रद्धा का नाम ड्रग्स प्रकरण में आने के बाद उनके निजी सचिव राजू पासवान ने सफाई दी है। पासवान झारखंड के गिरिडीह के रहने वाले हैं। मुंबई से दूरभाष पर राजू ने बताया कि हाफ गर्लफ्रेंड मूवी में रिया चक्रवर्ती ने श्रद्धा कपूर की सहेली की भूमिका निभाई थी। छिछोरे में श्रद्धा ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम किया था। आशय यह है कि दो मूवी में श्रद्धा ने सुशांत और रिया के साथ काम किया है। कहीं न कहीं इसी वजह से उनका नाम घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा निर्दोष है। एनसीबी के अधिकारी उनसे पूछताछ करते हैं तो भी परेशानी नहीं है। राजू ने कहा, मैडम बड़ी स्टार है। इसके बावजूद अपनी मां शिवांगी और पिता शक्ति कपूर से पूछ कर ही सारे फैसले लेती हैं।
पार्टियों में नहीं जाती, कर्मचारियों के साथ मनाती जन्मदिन
श्रद्धा कपूर एवं राजू पासवान का जन्मदिन तीन मार्च को है। श्रद्धा अपने साथ ही राजू पासवान का भी जन्मदिन मनाती हैं। राजू पासवान ने कहा कि वे अपना जन्मदिन मनाने के लिए पार्टियों में नहीं जाती। कर्मचारियों के साथ बर्थडे केक काटती हैं। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि वे सिनेमा जगत की पार्टियों का बिल्कुल शौक नहीं रखती।