आज और कल झुलसाएगी गर्मी, 29 से बदलेगा मौसम का मिजाज
धनबाद सोमवार को दिनभर धूप झुलसाती रही। अधिकतम तापमान 39-40 के बीच रहा। मंगलवार और बुधवार को भी धूप अपना तेवर दिखाएगी। तापमान 41-42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। अगर बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें नहीं तो अपने घर पर ही रहें।
जागरण संवाददाता धनबाद : सोमवार को दिनभर धूप झुलसाती रही। अधिकतम तापमान 39-40 के बीच रहा। मंगलवार और बुधवार को भी धूप अपना तेवर दिखाएगी। तापमान 41-42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। अगर बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें नहीं तो अपने घर पर ही रहें। दो दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी के बाद 29 अप्रैल से मौसम के करवट लेने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 और 30 अप्रैल को बादल गरजने के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 की रफ्तार से तेज हवा भी चलने का अनुमान है। अप्रैल का महीना खत्म होने के बाद मौसम का मिजाज बदले रहने के आसार हैं।
इधर, तापमान में बढ़ोतरी को लेकर मौसम विज्ञानियों का मानना है कि पश्चिमी और दक्षिण पश्चिम की हवाओं के आने और उनके आपस में टकराने से मौसम बदलने की संभावना बन रही है। यानी पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के साथ-साथ अरब सागर की गर्म हवाएं इस ओर आएंगी, जिससे मौसम में परिवर्तन होने के आसार बन रहे हैं। इससे धनबाद के साथ-साथ इसका प्रभाव उत्तर पूर्वी जिलों में भी दिख सकता है। संताल परगना के जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भी 29 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है। 29 अप्रैल तक का संभावित तापमान
मंगलवार अधिकतम 42 न्यूनतम 22
बुधवार अधिकतम 42 न्यूनतम 24
गुरुवार अधिकतम 41 न्यूनतम 24
शुक्रवार अधिकतम 41 न्यूनतम 24