दस माह में छाताकुल्ही में बनेगा सबवे, झारखंड सरकार से राशि मिलने के बाद निर्माण शुरू Dhanbad News
गांव के बीच से रेल लाइन गुजरती है। घनी आबादी होने के कारण रेल लाइन के कारण परेशानी होती है। सबवे का निर्माण होने के बाद ग्रामीण सुरक्षित रेल पटरी को पार कर सकेंगे।
धनबाद, जेएनएन। बलियापुर के छाताकुल्ही गांव की घनी आबादी को अगले साल यातायात के लिए सुलभ विकल्प मिल जाएगा। अगले 10 महीने में तकरीबन सवा चार करोड़ की खर्च से रेल अंडरब्रिज यानी सब-वे का निर्माण होगा। इसकी ऊंचाई तकरीबन 14 फुट और चौड़ाई 16 फुट होगी।
धनबाद सांसद पीएन सिंह ने मंगलवार को सब वे का शिलान्यास किया। इस माैके पर सिंदरी के विधायक फूलचंद मंडल और डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित थे। रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए झारखंड सरकार ने राशि उपलब्ध कराई है। सांसद ने कहा कि अंडरब्रिज निर्माण हो जाने से ग्रामीणों की यातायात की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। इसकी वजह यह थी कि इसकी ऊंचाई कम करने की बात कही गयी थी। इसे लेकर गांव वालों का कहना था कि कम ऊंचाई वाले सब-वे का निर्माण होने से बड़ी गाड़ियां नहीं आ सकेंगी। हालांकि शिलान्यास में उसकी ऊंचाई 15 फुट होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी दिखी। मौके पर तमाम रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणों के साथ भाजपा नेता मौजूद थे।
गांव के बीच से रेल लाइन गुजरती है। घनी आबादी होने के कारण रेल लाइन के कारण परेशानी होती है। सबवे का निर्माण होने के बाद ग्रामीण सुरक्षित रेल पटरी को पार कर सकेंगे।