खूब मन लगाकर पढ़ाई करने का आशीर्वाद देकर डीसी ने दिया चेक
धनबाद राजगंज इंटर कॉलेज में 11वीं साइंस की छात्रा लक्ष्मी कुमारी मुर्मू एवं 11वीं आर्ट्स की
धनबाद : राजगंज इंटर कॉलेज में 11वीं साइंस की छात्रा लक्ष्मी कुमारी मुर्मू एवं 11वीं आर्ट्स की छात्रा गीता कुमारी को उपायुक्त अमित कुमार ने खूब मन लगाकर पढ़ाई करने का आशीर्वाद देते हुए 10 - 10 हजार का चेक सोमवार को प्रदान किया। साथ ही दोनों को परीक्षा की तैयारी खूब अच्छे से करने को कहा। चेक मिलने के बाद राजगंज पंचायत के लेदोडीह गाव के बाबुजन मुर्मू की बेटी लक्ष्मी कुमारी मुर्मू और तिलैया पंचायत के सुखलाल मुर्मू की बेटी गीता कुमारी ने कहा कि अब वे फरवरी में आयोजित होने वाली इंटर की परीक्षा में शामिल हो सकेंगी। दोनों ने कहा कि अब परीक्षा की तैयारी खूब अच्छे से करेंगे। उपायुक्त से आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद दोनों की आखों से हर्ष के आसू छलक पड़े। चेक प्रदान करने के बाद उपायुक्त ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल को दोनों छात्राओं का नाम परीक्षा में शामिल करने का अनुरोध पत्र भी भेजा। मालूम हो कि छात्रा पैसे के अभाव में एग्जाम नहीं दे पा रही थी। मामला उजागर होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्विट कर डीसी धनबाद को व्यवस्था करने व ऐसे और छात्राओं का पता लगाने का निर्देश दिया था।
इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक अलका जयसवाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, धनबाद के सचिव कौशलेंद्र कुमार, राजगंज पंचायत समिति सदस्य सूरज सोनी, राजगंज इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक सहदेव महतो, मनोज कुमार भी उपस्थित थे।
लक्ष्मी और गीता ने भरा ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म : राजगंज पंचायत के लेदोडीह गाव के बाबुजन मुर्मू की बेटी लक्ष्मी कुमारी मुर्मू और तिलैया पंचायत के सुखलाल मुर्मू की बेटी गीता कुमारी ने इंटरमिडिएट परीक्षा के लिए ऑफलाइन फॉर्म भरा। मुख्यमंत्री के ट्वीटर पर दिए निर्देश के आलोक में उपायुक्त अमित कुमार ने दोनों छात्राओं का इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए ऑफलाइन फॉर्म भरवाया। साथ ही इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष को सूचित किया।