जिले में घटी कोरोना की रफ्तार, लेकिन अभी जारी रहेगी सख्ती, लापरवाही की तो फिर बढ़ेगा खतरा
सिविल सर्जन डॉ. श्याम किशोर कांत ने बताया कि संक्रमण की दर कम होने के बावजूद विभाग की ओर से विभिन्न जगहों पर अभियान के तहत जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल लापरवाही बरतने से संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद: जिले में कोरोना वायरस की तीसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार कम हुई है। अब तक 2736 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 2587 लोग संक्रमण से ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1,21,281 लोगों की कोरोना वायरस की जांच की गई है। सिविल सर्जन डॉ. श्याम किशोर कांत ने बताया कि संक्रमण की दर कम होने के बावजूद विभाग की ओर से विभिन्न जगहों पर अभियान के तहत जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल लापरवाही बरतने से संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं।
तीसरी लहर में 10 लोगों की जा चुकी है जान: सिविल सर्जन ने बताया कि तीसरी लहर में अब तक धनबाद में 10 लोगों की जान चली गई है। सबसे ज्यादा मौत शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल के कैथ लैब में हुई है। यहां के अलावा पीजी ब्लॉक में भी मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। इधर, विभागीय आंकड़ों की मानें तो कोरोना वायरस से अब तक जिले में मरने वाले की संख्या 392 के ऊपर हो गई है। जिले में सबसे ज्यादा मौतें दूसरी लहर में हुई थीं, जब ऑक्सीजन की कमी की वजह से लोग दम तोड़ रहे थे। लगभग 272 लोगों की मौत इस समय हुई थी।
फिलहाल रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर चलती रहेगी जांच: विभागीय अधिकारियों की मानें तो कोरोना वायरस के संक्रमण कम होने के बावजूद जिला प्रशासन और स्वास्थ विभाग की ओर से अभियान चलाया जाएगा। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी डॉक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल रेलवे स्टेशन पर जांच जारी रहेगी। इसके अलावा विभिन्न सार्वजनिक जगहों पर भी विभाग की ओर से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शारीरिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील लोगों से की जा रही है।