जंग लगने से टूटा भगवान बिरसा की प्रतिमा का तरकश, एसडीओ ने कहा- शीघ्र कराई जाएगी मरम्मत Dhanbad News
बिरसा मुंडा की प्रतिमा का तरकस बारिश के कारण जंग लगने से टूट गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इसकी शीघ्र ही मरम्मत कराई जाएगी।
धनबाद, जेएनएन। शहर के बैंक मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को किसी असमाजिक तत्व ने नहीं तोड़ा है, बल्कि बारिश के कारण जंग लगने से तरकस टूटने की बात सामने आयी है। अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम ने इसकी जांच पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, बैंक मोड़ से कराई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जांच में पाया गया कि 5 नवंबर 2019 को तरकस टूट कर नीचे गिरा हुआ पाया गया था। जांच में पता चला कि प्रतिमा से 15 मीटर की दूरी पर ही चौक पर शिव नंदन राय की चाय दुकान है। यह दुकान 24 घंटे खुली रहती है। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि 5-6 दिन पूर्व ही तरकस गिरा हुआ था। 5 नवंबर को कुछ लोगों ने इसे तोडऩे की बात बताई तथा उनकी दुकान पर तरकस लाकर रख दिया था।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि तरकस चदरा से बना हुआ है। यह गोल है और करीब एक हाथ लंबा है। इसके ऊपर में एक छेद है। जिससे वर्षा का पानी उसमें भर जाता है। विगत दिनों हुई वर्षा के कारण तरकस में पानी भर गया होगा।
पदाधिकारी ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि चदरा में जंग लगने तथा वर्षा का पानी भर जाने के कारण तरकस गिर गया होगा। उन्होंने कहा कि इसे किसी के तोडऩे की बात सामने नहीं आई। प्रतिमा से टूटे तरकश की शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी।