Jharkhand: सभी कानूनी पहलुओं पर विचार कर ढुलू की सदस्यता पर होगा निर्णय, विधानसभा अध्यक्ष बोले-बाबूलाल का मामला 5 साल लटकाने का इरादा नहीं
MLA Dhulu Mahto बाघमारा के विधायक ढुलू महतो को दो-दो मामले में सजा हो चुकी है। हालांकि किसी भी मामले में विधायक की सजा की अवधि दो साल या उससे अधिक नहीं है।
बरवाअड्डा, जेएनएन। भाजपा के बाहुबली विधायक ढुलू महतो की विधानसभा सदस्यता पर तलवार लटकी हुई है। पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता जलेश्वर महतो ने केरल विधानसभा के एक सदस्य का हवाला देते हुए ढुलू महतो की सदस्यता रद करने की मांग की है। इस मामले पर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो का कहना है कि ढुलू की सदस्यता रद करने की मांग का मामला उनके समक्ष विचाराधीन है। हर कानूनी पक्ष को ध्यान में रखते हुए विचार किया जा रहा है। इस मामले में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
जलेश्वर महतो ने की है ढुलू की सदस्यता रद करने की मांग
बाघमारा के विधायक ढुलू महतो को दो-दो मामले में सजा हो चुकी है। हालांकि किसी भी मामले में विधायक की सजा की अवधि दो साल या उससे अधिक नहीं है। दो साल या दो साल से अधिक की सजा होने पर सदस्यता स्वतः रद होने का प्रावधान है। हालांकि ढुलू महतो को किसी भी मामले में दो साल सजा नहीं हुई है। केरल विधानसभा के एक सदस्य की सदस्यता दो मामलों की सजा जोड़कर रद की जा चुकी है। इसी मामले का हवाला देते हुए पूर्व मंत्री जलेश्वर ने ढुलू की सदस्यता रद करने की मांग की है। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष महतो शनिवार को नाला से रांची जाने के क्रम में धनबाद के बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में रुके थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ढुलू की सदस्यता रद करने की मांग का मामला विचारधीन है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
झारखंड के स्थानीय लोगों के भावनाओं के अनुरूप होगी स्थानीय नीति
झारखंड की स्थानीय नीति के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इसमें बदलाव और संशोधन के लिए कमेटी बनाई गई है। रघुवर सरकार ने स्थानीय नीति बनाई है। उस नीति में कुछ त्रुटि है। उसमें जो भी त्रुटि है उसे दूर कर स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुसार नीति बनाई जाएगी।
बाबूलाल मरांडी के मामले में कोई पूर्वाग्रह नहीं
महतो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता का दर्जा नहीं देने का मामला उनके सामने विचाराधीन है। दलबदल कानून के दायरे में मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में महतो ने कहा कि वे राजनीतिक पूर्वाग्रह के तहत काम नहीं कर रहे हैं। मामले को पांच साल तक लटका कर रखने को कोई इरादा नहीं है। भाजपा सरकार के समय विधानसभा अध्यक्ष ने पांच साल तक बाबूलाल के पार्टी के विधायकों की सदस्यता रद करने की मांग को लटकाए रखा। उस तरह प्रतिपक्ष के नेता का मामला लटकाकर रखने को उनका कोई इरादा नहीं है।
झारखंड विधानसभा सत्र में कोविड संक्रमण रोकने के लिए हर कदम उठाए जाएंगे
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से शुरू हो रहा है। पांच दिन तक चलेगा। महतो ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलाने के लिए वे विपक्षी सदस्यों से भी सहयोग की अपेक्षा करेंगे। इसके लिए विपक्ष के नेताओं से बात करेंगे। कोरोना काल में मानसून सत्र हो रहा है। कोरोना से बचाव के लिए सत्र के दाैरान आवश्यक कमद उठाए जाएंगे। झामुमो के अंदर विधायक सीता सोरेन द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर महतो ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
बरवाअड्डा में विधानसभा अध्यक्ष का झामुमो नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। झामुमो के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक मंडल, जिलाध्यक्ष रमेश टुडू, नंटू गोस्वामी, पैगाम अली, अख्तर अंसारी, डब्बू सांवरिया आदि ने स्वागत किया।