हेमंत से मिलने की उम्मीद में धनबाद पहुंची मालती
धनबाद अपने पति जय प्रकाश महतो का शव भारत लाने की आस लगाए उनकी पत्नी मालती देवी गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के लिए धनबाद परिसदन पहुंची थी।
धनबाद : अपने पति जय प्रकाश महतो का शव भारत लाने की आस लगाए उनकी पत्नी मालती देवी गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के लिए धनबाद परिसदन पहुंची थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नहीं आने के कारण उनकी यह उम्मीद अधूरी रह गई। जबकि झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने मालती देवी से भेंट की और शव को लाने के लिए मुख्यमंत्री से भेंट मुलाकात कर आग्रह करने का आश्वासन भी दिया। सिंह ने मौके पर मालती को आर्थिक मदद भी दी और कहा कि वे शव को भारत ले आने तक वे पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करेंगे।
बताते चलें कि सिंदरी निवासी जय प्रकाश महतो सऊदी के अलकासिम में सऊदी सर्विसेस फॉर इलेक्ट्रो मैकेनिक वर्क्स कंपनी में कार्यरत थे। कार्य के दौरान हुई एक दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। मौत के 20 दिन बीत जाने के बाद भी उनका शव सिंदरी नहीं लाया जा सका है। मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शव लाने को लेकर सऊदी स्थित एंबेसी को ट्वीट किया था। इधर शव को भारत लाने की मांग परिजन लगातार कर रहे हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है परिवार के सभी सदस्य पार्थिव शव लाने के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं।