देवघर के सेवा फाउंडेशन को राष्ट्रीय नानाजी देशमुख पुरस्कार, प्रदीप भैया को एमपी के राज्यपाल और सीएम ने किया सम्मानित
झारखंड के देवघर में शिक्षा सेवा के कार्य में सेवा फाउंडेशन को राष्ट्रीय नानाजी देशमुख पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने प्रदीप भैया को सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के देवघर के सेवा फाउंडेशन को मध्य प्रदेश शासन द्वारा राष्ट्रीय नानाजी देशमुख अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 26 जनवरी को भोपाल में दिया गया। सेवा फाउंडेशन के संचालक प्रसिद्ध हनुमंत कथा वाचक प्रदीप भैया ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान से सम्मान प्राप्त किया। राष्ट्रीय नानाजी देशमुख अवार्ड मिलने के बाद लोगों ने प्रदीप भैया को बधाई दी है।
.@GovernorMP माननीय श्री मंगुभाई पटेल जी के साथ भोपाल में नवनिर्मित 'रवीन्द्र सभागम केंद्र' का लोकार्पण और जनजातीय एवं लोक कलाओं के राष्ट्रीय समारोह 'लोकरंग' का शुभारंभ किया। साथ ही गणमान्यजनों को 'राष्ट्रीय नानाजी देशमुख' सम्मान से सम्मानित किया। https://t.co/8tPhKHyaGW https://t.co/BVp5EnVmlh pic.twitter.com/oAu53Qofhm
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) January 26, 2022
मध्य प्रदेश शासन द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक समरसता, उत्थान, परिष्कार, अध्यात्म, परंपरा, समाज एवं विकास तथा संस्कृति की मूल अवधारणा के लिए गहन एवं प्रतिबद्धतापूर्ण कार्य करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान से सम्मानित किया जाता है। इस सम्मान से सेवा फाउंडेशन को सम्मानित किया गया राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान के अंतगर्त दो लाख रुपये की नगद राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया जाता है।
प्रदीप भैया की देखरेख में देवघर में सेवा फाउंडेशन कार्यरत है। सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्यालय में आसपास के गांवों के गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष जय प्रकाश देवरालिया, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, फाउंडेशन से जुड़े बलराम अग्रवाल, मयूर राठौड़, दिनेश प्रधान, आयुष खेमका, राजीव उपाध्याय, पिंटू अग्रवाल, विजय झा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदीप भैया को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।