NSUI की राजनीति में धनबाद के संदीप को बड़ी जिम्मेवारी; छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व ओडिशा के बने सोशल मीडिया प्रभारी
एनएसयूआइ के राष्ट्रीय कन्वीनर संदीप किशोर बिहार औरंगाबाद के रहने वाले हैं। इसके बावजूद इनका बिहार और झारखंड एनएसयूआइ में अच्छा खासा दखल है। तमाम जिलों में कोविड-19 की लहर में इनकी देखरेख में बेहतर काम हुआ है।
धनबाद, जेएनएन : एनएसयूआइ के राष्ट्रीय कन्वीनर संदीप किशोर बिहार औरंगाबाद के रहने वाले हैं। इसके बावजूद इनका बिहार और झारखंड एनएसयूआइ में अच्छा खासा दखल है। तमाम जिलों में कोविड-19 की लहर में इनकी देखरेख में बेहतर काम हुआ। एनएसयूआई की राष्ट्रीय सोशल मीडिया कन्वीनर धनबाद की आयुषी वंदना सिंह के साथ काम कर रहे बिहार एनएसयूआइ के प्रखर प्रवक्ता संदीप किशोर को एक माह के अंतराल में दूसरी बड़ी उपलब्धि मिली है। संदीप किशोर को छत्तीसगढ़, उड़ीसा, मध्यप्रदेश एनएसयूआइ के सोशल मीडिया का प्रभारी बनाया गया है। इससे पिछले माह यानी मई में संदीप किशोर को एनएसयूआइ के सोशल मीडिया का राष्ट्रीय कन्वेनर बनाया गया था। छत्तीसगढ़, उड़ीसा, मध्य प्रदेश एनएसयूआइ सोशल मीडिया का प्रभारी बनाए जाने पर बिहार-झारखंड के वरीय एनएसयूआइ पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने ट्विटर पर संदीप किशोर को बधाई दी। संदीप किशोर ने बताया कि छोटे-छोटे राज्यों से युवाओं को राजनीति में आगे लाना ही उनकी प्राथमिकताएं होगी। फिलहाल अभी कोरोना काल में लोगों की जितनी मदद की जा सके, जान बचा सके, यही करना है। धनबाद की आरुषि वंदना सिंह ने बताया कि संदीप किशोर लगातार एनएसयूआइ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर काम कर रहे हैं। उनका चयन होना बिहार झारखंड के लिए गर्व की बात है।
राहुल गांधी को मानते हैं रोल मॉडल
संदीप किशोर ने बताया कि कोविड की इस विकट परिस्थिति में एनएसयूआइ पहले दिन से ही मैदान में है। लड़ेंगे और जीतेंगे मुहिम के तहत पूरे देश में एनएसयूआइ के कार्यकर्ता दिन-रात लोगों की मदद में लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़, उड़ीसा, मध्यप्रदेश एनएसयूआइ को और आगे बढ़ाना है।