टिकट मिलने में देरी पर कुमारधुबी स्टेशन में हंगामा
संवाद सहयोगी चिरकुंडा कुमारधुबी स्टेशन पर गुरुवार की सुबह आसनसोल बरेली पैसेंजर के
संवाद सहयोगी, चिरकुंडा : कुमारधुबी स्टेशन पर गुरुवार की सुबह आसनसोल बरेली पैसेंजर के समय में टिकट नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने काफी हंगामा मचाया। हंगामे की वजह से बरेली पैसेंजर 7:16 से 7:25 बजे तक नौ मिनट तक कुमारधुबी स्टेशन पर खड़ी रही। सभी यात्रियों को टिकट मिलने के बाद बरेली पैसेंजर 2:25 बजे कुमारधुबी स्टेशन से खुली।
जानकारी के अनुसार बरेली पैसेंजर का कुमारधुबी स्टेशन पर सुबह 7:16 बजे आसनसोल की ओर से आने का समय है। ट्रेन पकड़ने के लिए दर्जनों यात्री सुबह साढ़े छह बजे से टिकट काउंटर पर लाइन में खड़े थे। सात बजे तक काउंटर की खिड़की नहीं खुलने पर यात्री परेशान होने लगे और हंगामा मचाने लगे। हंगामा सुन जीआरपी व आरपीएफ की पुलिस आ पहुंची। सात बजे के बाद टिकट काउंटर कर्मी कृष्णा कुमार पहुंचे, जबकि उनको सुबह छह बजे आना था। इस बीच एनाउंसमेंट कराया गया कि सभी यात्री को टिकट मिलने के बाद ही ट्रेन यहां से खुलेगी। सभी यात्रियों को टिकट मिलने के बाद 7:25 बजे ट्रेन खुली। कर्मी कृष्णा कुमार का कहना है कि उनकी स्कूटी खराब हो गई थी जिस कारण आने में बिलंब हुआ। पूर्व से ड्यूटी पर मौजूद जितेंद्र सिह का कहना है कि यात्री हल्ला करने लगे। सिस्टम नहीं चलने के कारण वह चले गए। स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि उनको सुबह 6:30 बजे पता चला कि काउंटर बंद है। ड्यूटी में तैनात जितेंद्र सिंह नहीं है। हालांकि, उनकी ड्यूटी सुबह छह बजे तक थी, लेकिन नियम है कि जब तक रिलीवर नहीं आता तब तक काउंटर नहीं छोड़ सकते हैं। कृष्णा कुमार ड्यूटी पर समय से क्यों नहीं आए इसपर विभागीय जांच होगी। काउंटर के सुपरवाइजर मनोज कुमार से पूछा जाएगा कि जितेंद्र सिंह द्वारा पूर्व में भी ऐसी हरकत की गई है क्या। रेल मंडल अधिकारी को इस संबंध में अवगत कराया गया है। विभागीय अधिकारी तीनों से पूछताछ करेंगे।