निरसा में भूधंसान स्थल का 24 घंटे बाद भी भराई नहीं
संवाद सहयोगी निरसा नीचे कुहंका नया प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में गोफ बने
संवाद सहयोगी, निरसा : नीचे कुहंका नया प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में गोफ बने 24 घंटे से ज्यादा हो गए लेकिन उसकी भराई शुरू नहीं हो सकी है। प्रबंधन की इस लापरवाही से आसपास के लोगों में आक्रोश है।
दूसरी ओर निरसा पुलिस ने भू-धंसान स्थल से कुछ दूर आगे जंगल से पकड़े गए पिठाकियारी निवासी विपिन पांडेय को शनिवार को जेल भेज दिया है। कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। भू-धंसान स्थल की भराई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि निरसा पुलिस शुक्रवार की शाम कुछ लोगों को लेकर आई और भू-धंसान स्थल के चारों ओर बांस बल्ली लगाकर उसकी घेराबंदी करवा कर चली गई है। भू-धंसान स्थल का दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है। यदि समय रहते भराई नहीं करवाया गया तो भयानक हादसा हो सकता है।
शुक्रवार की सुबह नया प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र परिसर के बीच मैदान का लगभग 15 फीट का दायरा अचानक तेज आवाज के साथ लगभग 15 फीट नीचे जमींदोज हो गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध कोयला उत्खनन करने के कारण यह घटना घटित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इसकी जानकारी ईसीएल प्रबंधन को भी दी और भू-धंसान स्थल की भराई की मांग की, लेकिन भू-धंसान स्थल की भराई में आनाकानी की जा रही है। बच्चे उस और खेलने जाते हैं। हालांकि, तत्काल अभिभावकों द्वारा बच्चों को घटनास्थल की ओर नहीं भेजा जा रहा है। परंतु, बच्चे तो बच्चे होते हैं। यदि समय रहते भू-धंसान स्थल की भराई नहीं करवाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस को चाहिए कि ईसीएल प्रबंधन या अन्य माध्यम से जल्द से जल्द भू-धंसान स्थल की भराई कराने की मांग गई। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।