पेट्रोल पंप व्यवसायी राजेंद्र साव का कोरोना से निधन, कोलफील्ड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन स्तब्ध Dhanbad News
धनबाद के पेट्रोल पंप व्यवसायी राजेंद्र साव का कोरोना से निधन हो गया है। वह पिछले दस दिनों से धनबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता ले जाया गया। शुक्रवार को कोलकाता में निधन हो गया।
धनबाद, जेएनएन। जानेमाने पेट्रोल पंप व्यवसायी राजेंद्र साव का निधन हो गया है। वे कोरोना से संक्रमित थे। धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में पिछले दस दिनों से भर्ती थे। यहां बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया जहां शुक्रवार को निधन हो गया। धनबाद के मनईटांड निवासी साव हिलव्यू सर्विस स्टेशन, निरसा सर्विस स्टेशन, मंगलम सर्विस स्टेशन के मालिक थे। साव के निधन से कोलफील्ड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन स्तब्ध है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव संजीव राणा उपाध्यक्ष बृजेश राय, हेमंत सिंह, रितेश सिंह ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए साव के निधन के अपूरणीय क्षति बताया है।
पेट्रोलियम व्यवसायी समाजसेवी राजेंद्र साव जी का देहांत काफी दुखदायी है। भगवान उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा सबको परिवार को इस दुख सहने की शक्ति दें।
ओम शांति। pic.twitter.com/6nPxUAU1Wf— Raj Sinha (@rajsinhabjp) April 30, 2021
बीएसएनएल के कार्यपालक अभियंता की माैत
धनबाद के बलियापुर अंचल के सावलापुर गांव निवासी 45 वर्षीय बीएसएनएल के कार्यपालक अभियंता विनय कुमार महतो की मौत शुक्रवार को हो गई। वे साहिबगंज में पदस्थापित थे। मधुमेह, सांस की बीमारी से पीड़ित थे। सांस लेने में काफी तकलीफ होने के बाद परिवार के लोगों ने उन्हें एक सप्ताह पूर्व एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया था। उनका इलाज चल रहा था।
सेवानिवृत्त दारोगा का निधन
बलियापुर निवासी 85 वर्षीय राणा प्रताप सिंह (सेवानिवृत्त दारोगा) की मौत भी शुक्रवार को उनके आवास पर हो गई। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। घर में ही इलाज चल रहा था।
उपचुनाव करा लाैटे शिक्षक की माैत
बलियापुर के परसबनिया गांव के शिक्षक 40 वर्षीय प्रवीण कुमार महतो की मौत गुरुवार को हो गई। कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण से कई दिनों से जूझ रहे थे। वे पहले परसबनिया राजकीय बुनियादी विद्यालय के पारा शिक्षक थे। वर्ष 2016 में उन्होंने देवघर जिला में योगदान दिया था। हाल ही में संपन्न मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रवीण चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित हो गए थे। घर लौटने पर स्वजनों ने उन्हें धनबाद कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।