कांग्रेस में दो फाड़, जिला उपाध्यक्ष ने पूर्व मंत्री मन्नान पर बोला हमला, कहा- अब नौजवानों को मिले मौका Dhanbad News
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राशिद रजा ने पूर्व मंत्री मन्नान मलिक पर हमला बोलते हुए कहा कि अब वे 80 साल के हो गए हैं ठीक से चल भी नहीं पाते। उन्हें अब युवाओं को मौका देना चाहिए।
धनबाद, जेएनएन। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कहा कि पूर्व मंत्री मन्नान मलिक काफी वृद्ध हो चुके हैं। उनकी आयु भी 80 वर्ष से अधिक हो चुकी है। अक्सर बीमार रहते हैं और ठीक से चल भी नहीं पाते हैं। अब उन्हें नौजवानों को चुनाव में भाग्य आजमाने का मौका देना चाहिए। अब मन्नान मलिक स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं।
शुक्रवार को वासेपुर में अपने आवासीय कार्यालय में राशिद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2009 के चुनाव में ही मन्नान ने कहा था कि उनका अंतिम चुनाव है। जनता ने विधायक बनाया, पांच साल तक बेटे के साथ मिलकर सिर्फ ठेकेदारी की। 2014 के चुनाव में 51 हजार मतों से हार गए, लेकिन नौजवानों को मौका नहीं दिया। अब फिर से इस विधानसभा चुनाव में टिकट मांग रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता को बताया ओवैसी का एजेंट
राशिद ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे हुब्बान के साथ मिलकर ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम का प्रदेश कार्यालय अपने घर से ही चला रहे हैं। बेटा बार-बार धमकी दे रहा है कि कांग्रेस से टिकट नहीं मिला तो सूबे में पचास सीटों से चुनाव लड़कर कांग्रेस को हराने का काम करेंगे।
झारखंड विस चुनाव में अल्पसंख्यक को टिकट देने की अपील
उन्होंने पार्टी से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक भी अल्पसंख्यक को टिकट नहीं दिया, इस बार देना चाहिए। मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य शमशेर आलम, कांग्रेस अल्पसंख्यक अध्यक्ष बाबू अंसारी, इरफान आलम, एकराम कुरैशी, शमीम, मुन्ना अंसारी, मुस्तफा अंसारी, हैदर कुरैशी, रशीद खान, शहजाद अंसारी, निसार अंसारी, अमजद अली मौजूद थे।