रंगदारी साबित हुई तो इस्तीफा दे देंगे विधायक ढुलू व राज सिन्हा
कोयला लोडिंग में रंगदारी लेने का आरोप लगाए जाने पर धनबाद के दो भाजपा विधायकों ढुलू महतो व राज सिन्हा गुस्से में हैं।
धनबाद। एक सौ से अधिक हार्डकोक उद्योगों की संस्था इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह द्वारा कोयला लोडिंग में रंगदारी लेने का आरोप लगाए जाने पर धनबाद के दो भाजपा विधायकों ढुलू महतो व राज सिन्हा गुस्से में हैं। दोनों ने शनिवार को अलग-अलग प्रेस वार्ता में सफाई देते हुए कहा कि रंगदारी की बात साबित होती है तो वे विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे। राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करने की बात कही तो वहीं ढुलू ने कहा कि एसोसिएशन अध्यक्ष बीएन सिंह में हिम्मत है तो उनके साथ मंदिर में चलकर कसम खाएं।
हिम्मत है तो मंदिर में कसम खाएं बीएन सिंह : ढुलू
वहीं बाघमारा विधायक ढुलू महतो ने धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता कर कहा कि यदि बीएन सिंह में हिम्मत है तो वे तो वे मंदिर में चलकर कसम खाएं। सिंह ने कोयला लोडिंग में 1260 रुपये रंगदारी मांगे जाने की बात कही है। यह रंगदारी किसने और कब मांगी, इसका खुलासा करें। एसोसिएशन की आड़ में यहां के उद्योगपति मजदूरों का हक मार रहे हैं। इनका कोयला लिंकेज रद होना चाहिए। इस पर वे विधान सभा में भी सवाल करेंगे। ये लोग मनमाने ढंग से बीसीसीएल को चलाना चाहते हैं। विस्थापित मजदूरों को रोजगार नहीं मिलेगा तो लोडिंग कार्य करने का कोई औचित्य नहीं है। अधिकतर भठ्ठा संचालक चोरी का कोयला खरीद रहे हैं। श्रम कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। इनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
डीसी की भूमिका सही नहीं, मैं मजदूरों की लड़ाई लड़ रहा : राज
आइसीए के आरोप पर विधायक राज सिन्हा ने जगजीवन नगर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में रंगदारी के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ऐसा आरोप तो विपक्षी भी नहीं लगा सकते। इस मामले में उनकी छवि साफ है। वे तो मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। कोयला लोडिंग में 20 फीसद स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने का सरकारी प्रावधान है। जांच होनी चाहिए कि कितने स्थानीय मजदूर हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में धनबाद के उपायुक्त की भूमिका सही नहीं है। कई दफे उन्हें इस मामले की जानकारी दी है। इसके बावजूद भी उन्होंने ऐसे मामलों में अनभिज्ञता जाहिर की। इसकी शिकायत वे मुख्यमंत्री से करने वे रांची जा रहे हैं।
रंगदारी नहीं तो क्यों बंद है कोयला लोडिंग : बीएन सिंह
इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह ने विधायक ढुलू महतो व राज सिन्हाद्वारा जो आरोप लगाए गए हैं, वे सरासर गलत हैं। जहां तक चोरी का कोयला लेने का आरोप है तो बताया जाए कि कोयला चोरी कौन करता है, सप्लाई कौन करता है। अगर रंगदारी नहीं मांगी जा रही है तो क्यों उनके प्रभाव क्षेत्र के डंपों पर कोयला लोडिंग बंद है। क्यों बाघमारा व धनसार क्षेत्र पर सवाल उठता है। क्यों इन दो विधायकों को एक साथ बैठक करनी पड़ती है। अगर इसकी गहराई से जांच हो जाए तो सारे भेद अपने आप खुल जाएंगे।