धनबाद में फिर से लाैटी कड़ाके की ठंड, आज और कल की रात से माैसम विभाग ने किया सावधान
हिमालय से ठंडी हवाएं आ रही हैं। इससे धनबाद कोयलांचल में एक बार फिर से सर्दी का सितम ढाने लगा है। पारा 9 डिग्री पहुंच गया है। माैसम विभाग ने आज और कल की रात की ठंड से लोगों को सावधान किया है।
जागरण संवाददाता,धनबाद। धनबाद एक बार फिर कडाके की सर्दी की गिरफ्त में है। सुबह देर तक धुंध छाने के बाद दिन चढ़ने पर धूप खिल रही है। शाम ढलते ही मौसम सर्द हो रहा है। रात बढ़ने के साथ ठंड का सितम भी बढ़ रहा है। सर्द हवाएं शीत लहरी का एहसास करा रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव की मदद ले रहे हैं। हालांकि इसके बाद ठंड कपकपा रही है। इस हफ्ते की शुरुआत भी कडाके की ठंड से ही होगी। सोमवार को दिन में घना कोहरा छाने के बाद दोपहर में धूप खिलेगी। पर शाम के मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।
हिमालय में बर्फहारी से लाैटी कड़ाके ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को रात का तापमान नौ डिग्री पर था, जो सोमवार को आठ डिग्री पर चला जाएगा। अगले कई दिनों तक मौसम सर्द बना रह सकता है। अबोहवा में ठंडक की वजह हिमालय में बर्फबारी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से इस ओर बर्फीली हवाएं आ रही है जिससे हाड़ हिलाने वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। पूरे हफ्ते ठंडी हवा चलने और मौसम सर्द रहने का अनुमान है।
अगले हफ्ते फिर छा सकता है बादल
पिछ्ले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई दिनों तक बादल छाए थे। दो दिन बूंदाबांदी भी हुई थी। मौसम विभाग की मानें तो हिमालय में 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है। इससे एक बार फिर धनबाद का मौसम करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के बादलों का प्रभाव धनबाद समेत पूरे राज्य में दिखने की संभावना है। बादल आए तो तापमान में थोड़ी बढोतरी भी होगी।