झाविमो महासचिव रमेश राही ने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, मिलेगा पद Dhanbad News
सक्रिय सदस्य बने भाजपा में कोई पदाधिकारी नहीं बन सकता है। इस वक्त जबकि संगठन चुनाव की प्रक्रिया जारी है झाविमो नेताओं के समावेशन के लिए यह बड़ा कदम है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी 17 फरवरी को रांची में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थित में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। साथ ही झाविमो के भाजपा में विलय की घोषणा का एलान किया था। अब पूरे प्रदेश में झाविमो नेता भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भाजपा संगठन में पद हासिल करने के लिए सदस्य होना जरूरी है। इसीलिए झाविमो नेता सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय केंद्रीय महासचिव रहे रमेश कुमार राही, झारखंड विकास मोर्चा युवा कमेटी के जिलाध्यक्ष रहे वीरेंद्र हंसदा, कन्हैया पांडे इत्यादि को सक्रिय सदस्यता दिलाई गयी। इस माैके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह और मीडिया प्रभारी मिल्टन पार्थसारथी उपस्थित थे।रविवार को झाविमो के जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा भी अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण करेंगे ।
बता दें कि बिना सक्रिय सदस्य बने भाजपा में कोई पदाधिकारी नहीं बन सकता है। इस वक्त जबकि संगठन चुनाव की प्रक्रिया जारी है झाविमो नेताओं के समावेशन के लिए यह बड़ा कदम है। सक्रिय सदस्य बनने के बाद धनबाद जिला भाजपा कमेटी में झाविमो नेताओं को समायोजित किया जाएगा। धनबाद जिला भाजपा संगठन दो भाग में बंट चुका है। इस बार दो जिला कमेटी का चुनाव होना है-शहरी और ग्रामीण। रमेश राही को जिला या प्रदेश कमेटी में पद मिल सकता है।