टिप-टिप बरसे पानी ने बढ़ा दी ठंड और कनकनी, जानें-आज कैसा रहेगा धनबाद का माैसम
Dhanbad Weather Update News धनबाद के माैसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। ठंड में बरसात जैसा माैसम बन गया है। मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बारिश शुरू हुई। रात में भी कहीं हल्की तो कहीं फुहारें गिरती रही। ऐसा ही माैसम आज भी रहेगा।
जागरण संवाददाता,धनबाद। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से धनबाद का मौसम पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार को दिनभर थम थम पर बारिश होती रही। शाम में बारिश नहीं हुई पर पूरे शहर को कोहरे ने अपनी आगोश में ले लिया। सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। रात बढ़ने के साथ कोहरा भी बढ़ता रहा। बुधवार सुबह से एक बार फिर आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूप नहीं खिलेगी। थम थम कर बारिश होने की भी संभावना है। धूप नहीं खिलने से मौसम में ठंडक बढ़ जाएगी। दिन का तापमान ज्यादा ठंडा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है। शाम के तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री पर था जो बुधवार को 14 डिग्री पर आ सकता है।
अभी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
अगले कई दिनों तक मौसम में बदलाव के साथ-साथ तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 13 जनवरी के बाद बारिश की संभावना खत्म हो जाएगी। हालांकि इसके बाद भी 14-15 को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। 15 को धीरे धीरे बादल छंट जाएंगे, पर उसके बाद घने कोहरे का असर एक-दो दिनों तक रहेगा। मौसम विभाग ने 16 जनवरी से मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई है। मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में भी गिरावट आ सकता है। 16 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। तापमान में गिरावट से रात में ठंड में भी बढ़ोतरी होगी।
15 जनवरी के बाद साफ होगा माैसम
धनबाद के साथ साथ इससे सटे बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्से में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। अगले कई दिनों तक इसका प्रभाव बना रहेगा। माैसम विभाग के अनुसार मकर संक्रांति तक माैसम में काफी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 15 जनवरी के बाद माैसम साफ होगा।