Artificial Intelligence: दिशा लाइव चैट से रेल कर्मचारियों को मिलेगा पल-पल का अपडेट, नहीं तलाशनी होगी फाइल Dhanbad News
दिशा लाइव चैट को धनबाद रेल मंडल रेलवे बोर्ड से कनेक्ट करने की भी तैयारी कर रहा है। इससे बोर्ड से जारी होनेवाले नोटिफिकेशन को भी कर्मचारी देख सकेंगे।
धनबाद [तापस बनर्जी]। धनबाद रेल मंडल के कर्मचारियों को अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से तमाम जानकारियां मिल सकेंगी। रेलवे कार्मिक विभाग इसके लिए दिशा लाइव चैट विकसित कर रहा है। इससे विभाग से जुड़ी समस्त जानकारियां लाइव मिलेंगी। रेल महाप्रबंधक के वार्षिक निरीक्षण के दौरान इसकी शुरुआत कराने की तैयारी चल रही है।
रेलवे के लगभग 22 हजार कर्मचारियों के लिए दिशा लाइव चैट को विकसित किया जा रहा है। इससे कर्मचारी विभाग से जुड़ी कोई भी जानकारी एक क्लिक पर हासिल कर सकेंगे। उनके क्लिक करते ही जवाब कंप्यूटर पर आ जाएगा। इसके लिए चैट बोर्ड में ऐसा सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है जो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के रूप में काम करेगा।
ऐसे कर सकेंगे चैटिंग
रेल कर्मचारी को सबसे पहले पूर्व-मध्य रेल की साइट पर जाना होगा। उसमें धनबाद डिविजन को चुनकर उस पर क्लिक करना होगा। क्लिक करते ही विभागों की लिस्ट खुल जाएगी। वहीं कार्मिक विभाग में क्लिक करते ही ग्रीवांस का पेज खुल जाएगा। इस पेज पर क्लिक करते ही यूजर को हाय का मैसेज आएगा। पेज के एक ओर लाइव चैट दिखेगा। इस पर रेलकर्मी चैटिंग कर सकेंगे।
रेलवे बोर्ड के नोटिफिकेशन की भी मिलेगी जानकारी
अपने दिशा लाइव चैट को धनबाद रेल मंडल रेलवे बोर्ड से कनेक्ट करने की भी तैयारी कर रहा है। इससे बोर्ड से जारी होनेवाले नोटिफिकेशन को भी कर्मचारी देख सकेंगे। अभी रेलवे बोर्ड की वेबसाइट पर जारी होनेवाली ज्यादातर अधिसूचनाओं की जानकारी कर्मचारियों को नहीं मिल पाती है। इससे कई बार परेशानी भी होती है। मुख्यालय से पत्र मिलने पर अधिसूचना को वेबसाइट पर खंगालना पड़ता है। नई व्यवस्था में इस समस्या का भी समाधान हो जाएगा।
कर्मचारियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था की जा रही है। इससे एक क्लिक में कोई भी कर्मचारी जानकारी ले सकेंगे।
-पीके मिश्रा, पीआरओ