Railway board order: रेलकर्मी सावधान! हर माह चिह्नित किए जाएंगे कामचोर, समय से पूर्व होगी सेवानिवृत्ति
काम में कोताही बरतने वाले रेलकर्मियों को समय से पूर्व सेवानिवृत्त किया जा सकता है। बोर्ड से जारी पत्र के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया है।
धनबाद, जेएनएन। अगर आप रेलवे कर्मचारी हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। अब आपको अपने विभाग में पूरी शिद्दत से काम करना होगा। अगर आप काम में कोताही बरतते पाए जाते हैं तो आपकी छुट्टी हो सकती है।
जी हां, रेलवे बोर्ड ने जोनल मुख्यालयों को पत्र जारी किया है, जिसमें ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया है जो काम में लापरवाही बरतते हैं। हर महीने के पहले सप्ताह तक ऐसे रेलकर्मियों की सूची भेजने का आदेश जारी किया है। काम में कोताही बरतने वाले रेलकर्मियों को समय से पूर्व सेवानिवृत्त किया जा सकता है। बोर्ड से जारी पत्र के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, रेलवे अपने कर्मचारियों की लगातार मॉनीटरिंग कर रही है। कर्मचारियों पर नजर रखने के लिए ही बायोमीट्रिक अटेंडेंस लागू किया गया है। इससे दफ्तर आने और जानेवाले कर्मचारियों पर नजर रखी जा रही है। बोर्ड के आदेश का कर्मचारी यूनियन ने विरोध शुरू कर दिया है।
एक ओर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मानदेय पर बहाल किया जा रहा है। दूसरी ओर सेवारत कर्मचारियों में काम छिन जाने का डर पैदा किया जा रहा है। महकमे में डर का माहौल बनाने की कोशिश का हर स्तर पर विरोध होगा।
-डीके पांडेय, अपर महामंत्री, ईसीआरकेयू