प्राइवेट स्कूल संचालक करेंगे शिक्षा मंत्री के आवास का अनिश्चितकालीन घेराव, शिक्षक करेंगे घर-घर जाकर भिक्षाटन Dhanbad News
10 दिन के अंदर शिक्षा मंत्री के आदेश की प्रति नहीं मिली तो झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन राज्य भर में विरोध करेगा। एसोसिएशन मंत्री की गलत बयानबाजी के खिलाफ हाईकोर्ट भी जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। मार्च में ही शिक्षा मंत्री ने बयान दिया था कि लॉकडाउन अवधि का फीस नहीं लेना है। चार महीना हो गया, आदेश की प्रति नहीं भेजी गई। नौ जून को अभिभावक संघ और स्कूल प्रबंधन समिति के साथ रांची में अलग-अलग बैठक भी हुई। अभी तक शिक्षा मंत्री के आदेश की प्रति विभाग ने जारी नहीं की। इसके चलते अभिभावक और विद्यालय संचालक ऊहापोह की स्थिति में है। उक्त बातें धनबाद झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला सचिव इरफान खान ने कही।
एसोसिएशन ने गुरुवार को शिक्षा मंत्री को पत्र के माध्यम से यह मांग की फीस से संबंधित आदेश की प्रति जल्द से जल्द विभाग भेजे। प्रदेश महासचिव राम रंजन कुमार सिंह ने कहा कि अगर 10 दिनों के अंदर शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग के जरिए आदेश की प्रति नहीं भेजते हैं तो झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पूरे झारखंड के हर जिला में शिक्षा मंत्री का विरोध करेगा। अभी तक उन्होंने अभिभावकों और विद्यालय संचालकों को लड़ाने का काम किया है। जरूरत पड़ी तो एसोसिएशन शिक्षा मंत्री की गलत बयानबाजी के खिलाफ हाईकोर्ट भी जाएगा। आदेश की प्रति नहीं आने से विद्यालयों में मासिक शुल्क न के बराबर आ रहा है। इससे शिक्षक और कर्मचारी भुखमरी के कगार पर हैं।
प्राइवेट स्कूल संचालक शिक्षा मंत्री का घेरेंगे आवास : वहीं, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड की शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें निजी स्कूलों की दयनीय स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को इसका जिम्मेवार माना गया। निर्णय लिया गया कि जब तक निजी स्कूलों को आर्थिक मदद नहीं मिलती, तब तक शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो आवास के समक्ष अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा। इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। कर्मचारियों को मानदेय भुगतान एवं सहायता राशि देनी होगी।
घर-घर जाकर भिक्षाटन करेंगे शिक्षक : शिक्षा मंत्री 31 जून तक सभी अभिभावकों को मासिक शुल्क स्कूल में जमा करने का निर्देश दें। इसके बाद शिक्षक घर-घर जाकर भिक्षाटन करेंगे। मौके पर अध्यक्ष अखिलेश गिरी, सचिव प्रवीण दुबे, सहसचिव अनिल कुमार, अरिजीत गुहा, विजय दुबे, इंदु शेखर झा, केडी चौधरी, वीणा रिटोलिया, संजय चौबे, एसपी सिन्हा, राधेश्याम नीरज झा, पीयूष सरकार, केके ठाकुर, विनय पांडे, सचिन सौंडिक, विप्लव महतो, कुमार कंचन, अभिषेक कुमार, दीपक शर्मा, मनोज सिन्हा, एमके शर्मा, सोमेन घोष, विजय महतो मौजूद थे।